सिडको में सतर्कता सप्ताह शुरू, अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली सत्यनिष्ठा की शपथ

30 अक्टूबर तक ‘समृद्धि के लिए सत्यनिष्ठा’ थीम पर होंगे जागरूकता कार्यक्रम

नवी मुंबई। सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अवसर पर सिडको के उपाध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक अश्विन मुदगल ने 26 अक्टूबर 2026 को सिडको भवन में अधिकारियों और कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी से कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने और भ्रष्टाचार के प्रति सतर्क रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में संयुक्त प्रबंध निदेशक शांतनु गोयल, डॉ. राजा दयानिधि और गणेश देशमुख, पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी सुरेश मेंगडे, कार्मिक प्रबंधक प्रीतमसिंह राजपूत, सिडको कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सुभाष पाटील और महासचिव नितिन कांबले सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

अश्विन मुदगल ने कहा कि सतर्कता जागरूकता सप्ताह केवल औपचारिक आयोजन बनकर नहीं रहना चाहिए। कर्मचारियों को अपने दैनिक कार्यों में पारदर्शिता और ईमानदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। मुख्य सतर्कता अधिकारी सुरेश मेंगडे ने सिडको प्रशासन में पारदर्शिता को मजबूत करने के लिए सतर्कता विभाग की ओर से किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। इस अवसर पर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, वर्ली के महानिदेशक के विधि सलाहकार डी. बी. पुजारी ने ‘भ्रष्टाचार निवारण’ विषय पर व्याख्यान दिया।

केंद्रीय सतर्कता आयोग के निर्देशानुसार सिडको में 26 से 30 अक्टूबर 2026 तक ‘समृद्धि के लिए सत्यनिष्ठा’ थीम पर सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है। इस दौरान निबंध लेखन और नारा लेखन प्रतियोगिताओं के साथ जागरूकता रैली भी आयोजित की जाएगी।

सप्ताह के दौरान साइबर सुरक्षा, भूमि नियोजन एवं विकास में सतर्कता की भूमिका और अग्नि सुरक्षा जैसे विषयों पर विशेषज्ञों के व्याख्यान होंगे। इन गतिविधियों का उद्देश्य संगठन में ईमानदारी, जवाबदेही और पारदर्शिता की संस्कृति को मजबूत करना तथा भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूकता बढ़ाना है।

Share

Copyright ©2025 Navbharat Darpan .Designed By Mindcraft Infotech

navbharat darpan logo