हिंदू समुदाय पर अन्याय करने वालों को करारा जवाब दिया जाएगा : कैबिनेट मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा

एनबीडी मुंबई,

मालवणी क्षेत्र में स्थानीय नगरसेवक और विधायक के संरक्षण में अवैध निर्माण को बढ़ावा दिया जा रहा है तथा स्थानीय लोगों पर दबाव बनाकर बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों को आश्रय दिया जा रहा है, ऐसा आरोप कैबिनेट मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा ने लगाया है। भू-माफिया और अवैध निर्माण करने वाले हिंदू समुदाय पर अन्याय कर रहे हैं और अब यह अन्याय किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, बल्कि उन्हें करारा जवाब दिया जाएगा, ऐसा मंत्री लोढ़ा ने स्पष्ट किया। उन्होंने यह भी कहा कि बांग्लादेशी और रोहिंग्याओं द्वारा किए जा रहे अवैध निर्माण देश की सुरक्षा के लिए खतरा हैं और इनके खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा।
मालवणी क्षेत्र स्थित सावरिया मस्जिद परिसर में रहने वाली रागिनी रामाशंकर चौरसिया नामक महिला के घर का दरवाजा बंद कर अवैध निर्माण किया गया है। पीड़ित महिला से मुलाकात करने के बाद मंत्री लोढ़ा पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
मालवणी के अब्बासिया कंपाउंड में रहने वाली रागिनी रामाशंकर चौरसिया के घर से सटे क्षेत्र में शौकत हुसैन आबिद हुसैन सैय्यद द्वारा अवैध निर्माण किया गया। इतना ही नहीं, चौरसिया परिवार को घर का दरवाजा बंद करने के लिए मजबूर किया गया। स्थानीय हिंदू संगठनों ने इस मामले को लेकर आवाज उठाई थी, लेकिन आबिद और हुसैन ने इसे नजरअंदाज करते हुए निर्माण को वैध बताया। हालांकि मामला पुलिस तक पहुंचने के बाद यह स्पष्ट हुआ कि निर्माण अवैध है। कैबिनेट मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा ने इस विषय को गंभीरता से लेते हुए पीड़ित महिला से मुलाकात की तथा मालवणी पुलिस थाने में वरिष्ठ अधिकारियों से कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरे देश में कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए सभी नागरिकों के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार किया है। वहीं राज्य में माननीय मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के मार्गदर्शन में गृह विभाग प्रभावी ढंग से कार्य कर रहा है। राज्य में हिंदू समुदाय पर अत्याचार किसी भी हालत में सहन नहीं किया जाएगा और आरोपियों पर ऐसी कड़ी कार्रवाई होगी कि भविष्य में कोई भी हिंदू समाज पर अन्याय करने का साहस नहीं करेगा, ऐसा चेतावनी स्वरूप वक्तव्य मंत्री लोढ़ा ने दिया। स्थानीय विधायक असलम शेख के नगरसेवक पुत्र ने अब्बासिया कंपाउंड में सड़क पर अवैध छबील (प्याऊ) निर्माण का उद्घाटन किया था। बिना किसी अनुमति के 6 फुट बाय 12 फुट क्षेत्रफल का सीमेंट और ईंटों का निर्माण लगभग 14 फुट ऊंचाई तक किया गया है। इसके लिए 6 लोहे के खंभे भी लगाए गए हैं। इस मामले में अब महानगरपालिका द्वारा कार्रवाई की जा रही है तथा अवैध निर्माण करने वालों पर आपराधिक मामला दर्ज किया जाएगा, ऐसी जानकारी पुलिस ने दी है।

Share

Copyright ©2025 Navbharat Darpan .Designed By Mindcraft Infotech

navbharat darpan logo