एनबीडी मुंबई,
शिक्षा मानव जीवन और सामाजिक विकास की सबसे महत्वपूर्ण नींव है, जो ज्ञान, कौशल, नैतिकता और आत्मविश्वास प्रदान करती है। यह न केवल व्यक्तिगत सफलता और आत्मनिर्भरता की कुंजी है, बल्कि गरीबी कम करने, सही-गलत की पहचान करने और बेहतर करियर के अवसर पैदा करने में मदद करती है, जिससे एक सभ्य समाज का निर्माण होता है। महानगर की प्रतिष्ठित सामाजिक संस्था समरस फाउंडेशन द्वारा आज उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जनपद में शिक्षा की अलख जगानेवाले वरिष्ठ समाजसेवी तथा उद्योगपति दिनेश त्रिपाठी का सम्मान किया। जौनपुर के भुईधरा, सुजानगंज गांव में एक सामान्य परिवार में पैदा हुए दिनेश त्रिपाठी ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ इच्छा शक्ति के बल पर वह मुकाम हासिल किया, जो बहुत कम लोगों को प्राप्त होता है। शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।
प्रतापगढ़ के पट्टी तहसील मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर की दूरी पर स्थित कोहंडौर आज उच्च शिक्षा का लैंडमार्क बन गया है। दिनेश त्रिपाठी द्वारा यहां 43 एकड़ में शानदार जेडी शिक्षा ग्राम का निर्माण किया गया है। यहां इंजीनियरिंग कॉलेज ,फार्मेसी कॉलेज, लॉ कॉलेज और डिग्री कॉलेज संचालित हो रहा है। श्री त्रिपाठी 114 एकड़ जमीन और लेने जा रहे हैं, जिसमें वेटरनरी कॉलेज, सीबीएसई स्कूल, मरीन कॉलेज और पैरामेडिकल कॉलेज चलाने की योजना है। यही नहीं वे इसे विश्वविद्यालय का स्वरूप प्रदान करना चाहते हैं। श्री त्रिपाठी का साफ मानना है कि ग्रामीण अंचल में रहने वाले प्रतिभाशाली बच्चों के लिए उनके सन्निकट उच्च तथा तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने की सुविधा होनी चाहिए। आमतौर पर वेटरनरी कॉलेज तथा मरीन कॉलेज में शिक्षा प्राप्त करने के लिए पूर्वांचल के विद्यार्थियों को अन्य राज्यों में जाना पड़ता है, जो महंगा होने के साथ-साथ असुविधाजनक भी होता है। शिक्षा के अलावा श्री त्रिपाठी समाज सेवा के क्षेत्र में हमेशा सक्रिय रहे। चाहे प्रतापगढ़ जिला कारागार में बंद महिला कैदियों के नाबालिक बच्चों की शिक्षा के लिए शैक्षणिक साधनों को उपलब्ध कराने की बात हो, अथवा जर्जर मंदिरों के जीर्णोद्धार की बात हो त्रिपाठी जी ने हमेशा आगे आकर मदद के हाथ बढ़ाये हैं। कॉस्ट एंड मैनेजमेंट अकाउंटेंट डिग्री ,क्वालिफाइड कंपनी सेक्रेट्री की डिग्री समेत अनेक डिग्री प्राप्त श्री त्रिपाठी एम कॉम के टॉपर विद्यार्थी रहे। आज कॉरपोरेट सेक्टर में उनका नाम सफल उद्यमियों में लिया जाता है। उनका बेटा ज्योतिरादित्य त्रिपाठी अमेरिका के कोलंबिया विश्वविद्यालय में बीएससी मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रहा है तो बेटी तन्वी ने भी लंदन से पढ़ाई की है। दिनेश त्रिपाठी एक स्वस्थ समाज के साथ-साथ मजबूत राष्ट्र के निर्माण के पक्ष में हैं।
