रामलीला आयोजकों की सुविधाओं के लिए मंत्री लोढ़ा की मनपा आयुक्त के साथ बैठक

मुंबई। मुंबई शहर और उपनगरों के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित होने वाले रामलीला कार्यक्रमों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने पहल की है। रामलीला आयोजकों को होने वाली असुविधाओं और कार्यक्रम स्थलों पर आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था को लेकर बुधवार को मुंबई महानगरपालिका आयुक्त अश्विनी भिड़े के साथ बैठक हुई। इस बैठक में आयोजकों की समस्याओं को सुनने के बाद आयुक्त ने आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।नवरात्रि से दशहरे तक मुंबई के विभिन्न मैदानों में रामलीला के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में नागरिक शामिल होते हैं। ऐसे में कार्यक्रम स्थलों पर स्वच्छता, पेयजल, शौचालय और अन्य बुनियादी सुविधाओं की उचित व्यवस्था आवश्यक है। इसी विषय को लेकर मुंबई महानगरपालिका मुख्यालय में रामलीला आयोजकों के प्रतिनिधियों के साथ यह बैठक आयोजित की गई। बैठक में साहित्य कलामंच के महामंत्री विनय मिश्रा ने रामलीला के आयोजन के दौरान आने वाली समस्याओं से अवगत कराया। इससे पहले भी मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने रामलीला आयोजकों की समस्याओं को लेकर बैठक की थी और कार्यक्रमों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। इस बैठक में भी आयोजकों ने अपनी अपेक्षाएं रखीं और कार्यक्रम स्थलों पर मोबाइल टॉयलेट, पेयजल तथा अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने कहा कि रामलीला हमारी सांस्कृतिक और धार्मिक परंपरा का एक महत्वपूर्ण उत्सव है। मुंबई के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में नागरिक शामिल होते हैं। इसलिए आयोजकों को आवश्यक सहयोग और नागरिकों को बुनियादी सुविधाएं मिलना जरूरी है। नागरिकों की भावनाओं को समझते हुए आज श्रीमती अश्विनी भिड़े जी ने सहयोग का आश्वासन दिया है। मुझे विश्वास है कि इससे रामलीला मंडलों को राहत मिलेगी। रामलीला आयोजकों की मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए मनपा आयुक्त अश्विनी भिड़े ने आश्वासन दिया कि रामलीला स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल, शौचालयों की व्यवस्था और मच्छरों की रोकथाम के लिए फॉगिंग जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु तत्काल कदम उठाए जाएंगे। इससे मुंबई में रामलीला कार्यक्रमों के सुचारू आयोजन और श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

Share

Copyright ©2025 Navbharat Darpan .Designed By Mindcraft Infotech

navbharat darpan logo