मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड ने FICCI FRAMES 2026 में धर्मा प्रोडक्शंस को सब्सिडी प्रदान की

मध्यप्रदेश की असली ताकत यहां के लोग: डॉ. इलैयाराजा टी., पर्यटन सचिव,मध्यप्रदेश

आयुष्मान खुराना ने मध्यप्रदेश में शूटिंग को बेहद खास बताया, बोले- भोपाल की खूबसूरती की ने जीता दिल

मुंबई, 30 सितंबर 2026: मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड ने FICCI FRAMES 2026 में भारत के मीडिया एवं मनोरंजन उद्योग के साथ अपने जुड़ाव को और मजबूत किया। इस अवसर पर राज्य की फिल्म पर्यटन नीति के अंतर्गत मध्यप्रदेश में फिल्माई गई Dhadak 2 के लिए धर्मा प्रोडक्शंस को ₹1.75 करोड़ की फिल्म प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता माननीय केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने की।

₹1.75 करोड़ की प्रोत्साहन राशि धर्मा प्रोडक्शंस के CEO अपूर्व मेहता को डॉ. इलैयाराजा टी., सचिव, मुख्यमंत्री एवं पर्यटन, मध्यप्रदेश शासन एंव प्रबंध संचालक, मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा मुंबई स्थित ग्रैंड हयात के ग्रैंड बॉलरूम में प्रदान किया गया।

इस अवसर पर डॉ. इलैयाराजा टी. ने मध्यप्रदेश की संभावनाओं को रेखांकित करते हुए कहा- वित्तीय प्रोत्साहन, नीतियों और व्यवसाय सुगमता के साथ यहां की जनता और उसकी आतिथ्य भावना, मध्यप्रदेश को वास्तव में विशिष्ट बनाती है। हम चाहते हैं कि फिल्म निर्माता और रचनात्मक क्षेत्र से जुड़े पेशेवर केवल हमारे लोकेशन्स का अनुभव ही न करें, बल्कि यहां के लोगों की आत्मीयता और हमारे साथ काम करने की सुगमता को भी महसूस करें। यही स्थायी साझेदारियों की नींव बन सकती है।

उन्होंने कहा कि राज्य फिल्म निर्माण, प्रतिभा विकास, रचनात्मक सेवाओं और निवेश के क्षेत्रों में उद्योग की भागीदारी को और बढ़ाने की दिशा में कार्य कर रहा है। इसके लिए मध्यप्रदेश की एक स्थापित फिल्मिंग डेस्टिनेशन के रूप में मजबूत स्थिति का लाभ उठाया जा रहा है।

मध्य प्रदेश में फिल्म शूटिंग का अनुभव बेहद खास- आयुष्मान खुराना
इस मौके पर एक्टर और FICCI FRAMES एंबेसडर आयुष्मान खुराना ने मध्यप्रदेश में फिल्म शूटिंग के अपने अनुभव को बेहद खास बताते हुए भोपाल के लोगों और झीलों की नगरी की सराहना की। मध्यप्रदेश के पर्यटन सचिव एवं मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक डॉ. इलैयाराजा टी. से बातचीत के दौरान उन्होंने फिल्म ‘डॉक्टर जी’ की शूटिंग को याद करते हुए कहा कि उन्हें स्थानीय लोगों का भरपूर सहयोग मिला और प्रदेश के सुंदर परिवेश ने इस अनुभव को यादगार बना दिया।

फिल्म एवं क्रिएटिव इकोनॉमी पर इंडस्ट्री राउंडटेबल
MPTB द्वारा फिल्म टूरिज्म एवं AVGC-XR विषय पर एक क्लोज्ड-डोर इंडस्ट्री राउंडटेबल का भी आयोजन किया गया, जिसमें प्रमुख फिल्म निर्माताओं, प्रोड्यूसर्स तथा मीडिया एवं मनोरंजन क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

इस चर्चा में उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को अपने अनुभव साझा करने तथा मध्यप्रदेश में फिल्म निर्माण के विस्तार के लिए आवश्यकताओं और अपेक्षाओं को सामने रखने का मंच मिला। चर्चा में फिल्म लोकेशन्स एवं इंफ्रास्ट्रक्चर, अनुमतियां, प्रोडक्शन सपोर्ट, प्रतिभा, प्रोत्साहन, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस तथा उद्योग एवं सरकार के बीच सहयोग के अवसरों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

क्रिएटिव इंडस्ट्री के साथ संवाद
राज्य द्वारा प्रमुख स्टूडियोज, OTT प्लेटफॉर्म्स तथा एनीमेशन, गेमिंग एवं VFX क्षेत्र की कंपनियों के साथ B2B बैठकें भी की गईं । इन बैठकों में धर्मा प्रोडक्शंस, वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी इंडिया, अमेज़न प्राइम वीडियो, जियोस्टार, राजश्री प्रोडक्शंस, होम्बले फिल्म्स, इन10 मीडिया, दृश्यम फिल्म्स, राजकुमार हिरानी फिल्म्स तथा रॉय कपूर फिल्म्स सहित अन्य प्रमुख संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

Share

Copyright ©2025 Navbharat Darpan .Designed By Mindcraft Infotech

navbharat darpan logo