मुंबई। भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की जयंती के अवसर पर आयोजित राज्यस्तरीय निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं का पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह मंगलवार को चर्चगेट स्थित एसएनडीटी महिला महाविद्यालय के सभागार में संपन्न हुआ। कैबिनेट मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा की संकल्पना से इस राज्यस्तरीय निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। प्रतियोगिता के माध्यम से भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के महिला सशक्तिकरण, महिला शिक्षा, समानता और महिलाओं के अधिकारों के लिए किए गए योगदान एवं विचारों को युवाओं तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
इस वर्ष निबंध प्रतियोगिता के लिए “महिलाओं के कल्याण के लिए डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर का योगदान” विषय दिया गया था। प्रतियोगिता को पूरे राज्य से उत्स्फूर्त प्रतिसाद मिला और 83 हजार से अधिक निबंध प्राप्त हुए। विशेष रूप से, राज्य में पहली बार निबंधों के मूल्यांकन के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) तकनीक का उपयोग किया गया। AI आधारित प्राथमिक मूल्यांकन के बाद चयनित निबंधों का विशेषज्ञ परीक्षकों द्वारा प्रत्यक्ष मूल्यांकन किया गया। इस प्रकार बड़ी संख्या में प्राप्त निबंधों के मूल्यांकन के लिए तकनीक की सहायता लेने के साथ ही अंतिम मूल्यांकन प्रक्रिया में मानव विशेषज्ञों को भी शामिल किया गया।आईटीआई, एमसीवीसी एवं बायफोकल वर्ग में प्रथम स्थान कु. प्रीति कुळ्ये, द्वितीय स्थान कु. संस्कृति पालवडे तथा तृतीय स्थान श्री. रुद्राक्ष झिरपे ने प्राप्त किया। वहीं खुले वर्ग में प्रथम स्थान श्री. विकास मसे, द्वितीय स्थान कु. रुपाली भगत/पाटील तथा तृतीय स्थान कु. सोनिया निकाळजे ने प्राप्त किया। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। विजेताओं का सम्मान व्यवसाय शिक्षा एवं प्रशिक्षण संचालनालय के संचालक सतीश सूर्यवंशी तथा सहसंचालक डॉ. अनिल जाधव के हाथों किया गया। राज्यभर से प्राप्त निबंधों में प्रतिभागियों ने डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के विचारों के साथ-साथ महिलाओं की सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक प्रगति के लिए उनके द्वारा किए गए कार्यों का विभिन्न पहलुओं से विश्लेषण किया। इस प्रतियोगिता के माध्यम से राज्यभर के युवाओं में लेखन, चिंतन एवं अभिव्यक्ति को प्रोत्साहन मिलने के साथ ही डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के विचारों और संवैधानिक मूल्यों के व्यापक प्रसार में भी सहायता मिली।
भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर राज्यस्तरीय निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं का सम्मान
