अल-निनो के संभावित प्रभाव से सिडको क्षेत्र में 15% पानी कटौती लागू

Screenshot

हर नोड में सप्ताह में एक दिन 24 घंटे जलापूर्ति रहेगी बंद, नागरिकों से पानी बचाने की अपील

नवी मुंबई,

अल-निनो के संभावित प्रभाव और भविष्य में पानी की किल्लत से बचने के लिए सिडको प्रशासन ने अपने कार्यक्षेत्र में 15 प्रतिशत पानी कटौती लागू कर दी है। महाराष्ट्र शासन के निर्देशानुसार 2 नवंबर 2026 से लागू यह व्यवस्था अगले आदेश तक जारी रहेगी। इसके तहत प्रत्येक नोड में सप्ताह में एक दिन 24 घंटे पानी की आपूर्ति बंद रखी जाएगी।

सिडको ने नोडवार पानी कटौती का कार्यक्रम निर्धारित किया है। इसके अनुसार खारघर में सोमवार, उलवे के विभिन्न सेक्टरों में मंगलवार, तळोजा में शुक्रवार तथा द्रोणागिरी के निर्धारित क्षेत्रों में एक दिन छोड़कर पानी की आपूर्ति की जाएगी।

इसी तरह नवीन पनवेल (पूर्व) में सोमवार, नवीन पनवेल (पश्चिम) में मंगलवार, कळंबोली में बुधवार, करंजाडे में गुरुवार तथा कळुंद्रे और कामोठे में शुक्रवार को 24 घंटे जलापूर्ति बंद रहेगी। उलवे और द्रोणागिरी के कुछ क्षेत्रों में भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार एक दिन छोड़कर पानी मिलेगा।

सिडको प्रशासन ने नागरिकों से पीने के पानी का सीमित और आवश्यकतानुसार उपयोग करने तथा पानी की बर्बादी रोकने की अपील की है। वाहनों की धुलाई और स्विमिंग पूल में पीने के पानी का इस्तेमाल करने पर दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। साथ ही पानी की टंकियों को ओवरफ्लो होने से रोकने और लीकेज तत्काल ठीक कराने की अपील की गई है।

सिडको के अनुसार, संभावित जल संकट से निपटने और उपलब्ध जल भंडार का नियोजित उपयोग सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया गया है। प्रशासन ने नागरिकों से जल संरक्षण अभियान में सहयोग करने का आग्रह किया है।

Share

Copyright ©2025 Navbharat Darpan .Designed By Mindcraft Infotech

navbharat darpan logo