बस सुविधा उपलब्ध कराने के लिए रेखा राम यादव से मिला शिक्षक प्रतिनिधिमंडल

मुंबई। दहिसर पश्चिम के सखाराम तरे मार्ग मनपा स्कूल में अध्ययनरत हजारों विद्यार्थियों के आवागमन में हो रही दिक्कतों के मद्देनजर शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल ने वार्ड क्रमांक 1 की ऊर्जावान व कार्यसम्राट शिवसेना (शिंदे गुट) की नगरसेविका रेखा राम यादव तथा शिवसेना नेता राम यादव से मुलाकात कर इन नौनिहालों के लिए बेस्ट की बस सेवा उपलब्ध कराए जाने का अनुरोध किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के पालकों के हस्ताक्षर युक्त अनुरोध पत्र भी नगरसेविका रेखा राम यादव को सौंपा गया। शिक्षकों ने बताया कि विठ्ठल मंदिर, दहिसर पूर्व स्थित एमपीएस सखाराम तरे मार्ग मनपा शाला संकुल तथा दहिसर फाटक के पास स्थित रणछोडदास शाला संकुल में विविध माध्यम के स्कूलों का संचालन होता है, जिसमें कक्षा पहली से 10वीं तक की कक्षाओं में हजारों विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। इनमें से अधिकांश विद्यार्थी पश्चिमी उपनगर की सबसे बड़ी झोपड़पट्टी गणपत पाटिल नगर तथा आसपास के क्षेत्र से आते हैं। इन विद्यार्थियों के लिए घर से स्कूल तक सीधी बस सेवा उपलब्ध न होने के कारण इन्हें मजबूरी में पैदल अथवा आटोरिक्शा से लंबी दूरी तय कर स्कूल आना-जाना पड़ता है, जो कष्टदायी होने के साथ खर्चीला भी साबित होता है। यह खर्च वहन करना अधिकांश गरीब पालकों के लिए संभव नहीं होता, जिसका असर विद्यार्थियों की स्कूलों की उपस्थिति में अनियमितता अथवा ड्राप आऊट के रूप में सामने आता है। नगरसेविका रेखा राम यादव तथा शिवसेना नेता राम यादव ने विद्यार्थियों की समस्याओं तथा मनपा शाला के अस्तित्व को बरकरार रखने के लिए शिक्षकों की प्रतिबद्धता के प्रति साधुवाद व्यक्त करते हुए इस मुद्दे पर पूरा सहयोग करने का महज आश्वासन ही नहीं दिया, अपितु त्वरित बीएमसी के बेस्ट समिति की अध्यक्ष तृष्णा विश्वासराव और गोराई बस डिपो के प्रबंधक के नाम अपने कार्यालय से पत्र तैयार कर इस गंभीर मुद्दे पर प्रयास शुरू कर दिया। शिवसेना नेता राम यादव ने कहा कि यह देश के भावी भविष्य अर्थात नौनिहालों से जुड़ा मुद्दा है, लिहाजा बच्चों के स्कूल आवागमन की राह प्रशस्त करने के लिए पूरा दम-खम लगा देंगे। गरीब तथा मध्यमवर्गीय परिवारों से आने वाले बच्चों को स्थानीय नगरसेविका रेखा राम यादव ने ‘गुदड़ी में छिपे लाल’ की उपमा देते हुए कहा कि प्रतिभा परिस्थिति की मोहताज नहीं होती, बल्कि इसे उकेरने के लिए एक तज्ञ विशेषज्ञ (शिक्षक) की जरूरत होती है, और यह दायित्व हमारी बीएमसी के शिक्षक तमाम चुनौतियों का सामना करते हुए भी बखूबी निभा रहे हैं, परिणामस्वरूप देश-विदेश में बीएमसी के विद्यार्थी देश के सबसे शिक्षित, योग्य व अनुभवी शिक्षकों के अथक प्रयासों तथा मार्गदर्शन में अपनी कामयाबी का डंका बजा रहे हैं। वरिष्ठ पत्रकार तथा शाला के वरिष्ठ शिक्षक राजेश उपाध्याय के नेतृत्व में नगरसेविका रेखा राम यादव, शिवसेना के ऊर्जावान व जुझारू नेता राम यादव से मिले शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल में रणछोडदास शाला संकुल स्थित एमपीएस सखाराम तरे मार्ग माध्यमिक शाला की प्रभारी मुख्याध्यापिका संगीता गुप्ता, वरिष्ठ शिक्षक गणेश कीर्तिकुडवे, नीलम बारी, प्राथमिक स्कूल के वरिष्ठ शिक्षक गणेश जोमदे का समावेश रहा।

Share

Copyright ©2025 Navbharat Darpan .Designed By Mindcraft Infotech

navbharat darpan logo