मेघाश्रेय ने देश की विशिष्ट विभूतियों को दिया सर्वोत्तम नागरिक सम्मान

मुंबई। सर्वोत्तम या आदर्श नागरिक वह व्यक्ति है जो देश के कानूनों का पालन करता है, अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों को समझता है, समाज की भलाई में योगदान देता है, और देश की एकता व अखंडता का सम्मान करता है। देश की अग्रणी सामाजिक संस्था मेघाश्रेय द्वारा आज मुंबई के लोअर परेल स्थित द सेंट रेजिस होटल में आयोजित भव्य समारोह में देश की विशिष्ट विभूतियों को सर्वोत्तम नागरिक सम्मान 2026 प्रदान किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा, कैबिनेट मंत्री एडवोकेट आशीष शेलार, आरएसएस के अखिल भारतीय संपर्क प्रमुख रामलाल उपस्थित रहे। अलग-अलग क्षेत्रों में प्रेरणादायक कार्य करने वाली जिन विभूतियां को सर्वोत्तम नागरिक सम्मान 2026 प्रदान किया गया उनमें सांसद एवं फिल्म अभिनेता रवि किशन, प्रख्यात कथावाचिका जया किशोरी, पद्मश्री हरिहरन, फिल्म निर्माता सुभाष घई,परमवीर चक्र विजेता योगेंद्र यादव, पदमश्री अशोक लक्ष्मण श्रॉफ, फिल्म अभिनेत्री भूमि पेडणेकर, पदमश्री संजीव कपूर, सुजय जयराज, अभिमन्यु सिंह, अभिषेक सिंह, अहमद खान, सलीम मर्चेंट, जयेशराज भालचंद्र जोशी ,जलील डी पार्कर, लक्ष्मी अग्रवाल, केदार नारायन जोशी, देवांश धनगर का समावेश रहा । इस अवसर पर महाराष्ट्र के महामहिम राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने मेघाश्रेय संस्था की अध्यक्ष सीमा सिंह की सराहना करते हुए कहा कि सीमा सिंह ने जो सर्वोत्तम नागरिक सम्मान आज इन विभूतियों को दी है, यह बहुत सराहनीय है। इतनी खूबसूरत सोच के साथ, पूरे देश से करोड़ों लोगों में 10-20 लोगों को चुनना बहुत ही कठिन चीज है। ऐसे में सीमा सिंह ने जिन विभूतियों को चुना है वह भारत के लिए अलग-अलग क्षेत्र में एक सराहनीय कार्य किए हैं। देश के लिए शानदार योगदान दिए हैं, ऐसे लोग के देश के प्रति रग रग में जोश, देश के प्रति प्यार से ही आज हमारा देश पूरे विश्व में अपना परचम लहरा रहा है। राज्यपाल वर्मा ने कहा कि बहुत संघर्ष परिश्रम करने के बाद कही किसी को इस तरह के बड़े सम्मान से नवाजा जाता है। आप सब धन्य हो हमारे देश के प्रधानमंत्री देश के लिए सराहनीय कार्य कर रहे हैं। देश के प्रधानमंत्री के कार्य का पूरे विश्व में चर्चा होती है। इस सुंदर कार्यक्रम के लिए सीमा सिंह व उनके परिवार को गवर्नर ने बधाई दी। इस मौके पर संस्था की संस्थापिका सीमा सिंह के सुपुत्र श्रेयस सिंह तथा सुपुत्री मेघना सिंह ने महाराष्ट्र के गवर्नर जिष्णु देव वर्मा को शॉल, श्रीफल तथा पुष्प गुच्छ देकर संस्था की तरफ से स्वागत सम्मान किया। इस मौके पर हजारों की संख्या में, अलग-अलग क्षेत्रों तथा अलग-अलग प्रांतों से लोग उपस्थित थे।

Share

Copyright ©2025 Navbharat Darpan .Designed By Mindcraft Infotech

navbharat darpan logo