जौनपुर में नकली मोबिल ऑयल के कारोबार का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार

जौनपुर। जनपद में ब्रांडेड कंपनी के नाम पर नकली लुब्रिकेंट बेचने के अवैध कारोबार का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। परिक्षेत्रीय DIG जौनपुर श्री वैभव कृष्ण के निर्देश पर जांच एजेंसी EIPR (India) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने कोतवाली और शाहगंज थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी कर तीन दुकानों से भारी मात्रा में नकली HPCL लुब्रिकेंट बरामद किया है। इस मामले में तीन दुकानदारों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार HPCL कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई। शिकायत में बताया गया था कि जनपद में कुछ दुकानदार HPCL ब्रांड के नाम से मिलता-जुलता नकली लुब्रिकेंट बेचकर कंपनी और ग्राहकों को धोखा दे रहे हैं। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए DIG जौनपुर ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देश के क्रम में EIPR और पुलिस की टीम ने शहर कोतवाली व शाहगंज थाना क्षेत्र में स्थित तीन प्रतिष्ठानों पर दबिश दी। तलाशी के दौरान दुकानों और गोदामों से HPCL के नाम पर तैयार किया गया नकली लुब्रिकेंट, खाली डिब्बे, नकली स्टीकर और पैकिंग मशीनें बरामद हुईं। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान छोटेलाल यादव प्रो. आर. के. लुब्रिकेंट्स, विमल कुमार सिंह प्रो. श्याम ऑटोमोबाइल्स और सुभाष चंद्र सोनी प्रो. भारत बियरिंग स्टोर्स के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद माल को सीज कर आरोपियों के विरुद्ध कॉपीराइट अधिनियम 1957 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। इस संबंध में थाना कोतवाली और शाहगंज पर FIR No. 0256/2026 व 0362/2026 धारा 63 कॉपीराइट एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि नकली मोबिल ऑयल के इस्तेमाल से वाहनों के इंजन को गंभीर नुकसान होता है। आम जनता के साथ हो रही इस धोखाधड़ी को रोकने के लिए भविष्य में भी इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे।

Share

Copyright ©2025 Navbharat Darpan .Designed By Mindcraft Infotech

navbharat darpan logo