मुंबई: बोरीवली और कांदिवली रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास की योजना अब तेजी से आगे बढ़ रही है। बोरीवली से भाजपा विधायक संजय उपाध्याय ने बताया कि केंद्रीय रेल मंत्री Ashwini Vaishnaw से मुलाकात के बाद रेलवे अधिकारियों ने दोनों स्टेशनों के विकास कार्य को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए स्टेशन को आधुनिक, व्यवस्थित और यात्री-अनुकूल बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
संजय उपाध्याय के अनुसार रेल मंत्री के निर्देश पर रेलवे लैंड डेवलपमेंट अथॉरिटी (RLDA) के वाइस चेयरमैन मनोज गर्ग और मुंबई के सीपीएम डी.के. मिश्रा ने बोरीवली स्टेशन का दौरा कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद अधिकारियों के साथ एक विस्तृत समीक्षा बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें पुनर्विकास योजना के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई।
प्रस्तावित योजना के तहत यात्रियों के आवागमन को अधिक सुगम बनाया जाएगा। स्टेशन से आने-जाने वाले यात्रियों के लिए टैक्सी, ऑटो और निजी वाहनों की बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही स्टेशन परिसर में पर्याप्त टिकट विंडो, स्वच्छ शौचालय और आधुनिक यात्री सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी। यात्रियों की सुविधा के लिए सभी प्लेटफॉर्म पर एस्केलेटर लगाने की योजना भी तैयार की जा रही है।
योजना के तहत स्टेशन परिसर में फैली विभिन्न इमारतों और संरचनाओं को एकीकृत कर कम जगह में अधिक और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
बोरीवली स्टेशन पर बढ़ते यात्री दबाव और भीड़ को कम करने के लिए कांदिवली स्टेशन को एक ‘हब’ के रूप में विकसित करने का भी निर्णय लिया गया है। इसके अलावा उपनगरीय क्षेत्र के लोगों को राहत देने के लिए आसपास के क्षेत्रों में भूमि अधिग्रहण की संभावनाओं पर भी विचार किया जा रहा है।
संजय उपाध्याय ने बताया कि अगले 10 दिनों में योजना पर विस्तृत कार्य किया जाएगा, जिसके बाद पुनः समीक्षा बैठक कर इसे अंतिम रूप दिया जाएगा। साथ ही अगले सप्ताह बोरीवली स्टेशन पर एक विशेष कैंप लगाया जाएगा, जहां स्थानीय नागरिकों और यात्रियों से सुझाव लिए जाएंगे। प्राप्त सुझावों को अंतिम योजना में शामिल किया जाएगा ताकि स्टेशन विकास कार्य लोगों की जरूरतों के अनुरूप हो सके।
उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि मुलाकात के दूसरे ही दिन अधिकारियों की बैठक बुलाकर स्टेशन पुनर्विकास योजना को गति दी गई, जो यात्रियों के हित में एक महत्वपूर्ण कदम है।
