मुंबई। पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस सेवादल की ओर से मुलुंड पश्चिम स्थित जी.एस. शेट्टी ग्रैंड सेंट्रल हॉल, एन.एस. रोड में रक्तदान एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।
महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस सेवादल के कार्यकारी अध्यक्ष राकेश शंकर शेट्टी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों, सेवादल, युवक कांग्रेस और महिला कांग्रेस के पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिविर में फोर्टिस हॉस्पिटल के चिकित्सा विशेषज्ञों एवं तकनीकी कर्मचारियों ने रक्तदान और स्वास्थ्य जांच के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान किया।
इस अवसर पर राकेश शेट्टी ने रक्तदान को मानवता की सर्वोत्तम सेवा बताते हुए लोगों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी के साहस, नेतृत्व और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को सच्ची श्रद्धांजलि जनकल्याण एवं सामाजिक सेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी से ही दी जा सकती है।
कार्यक्रम के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सामाजिक जिम्मेदारी, स्वास्थ्य जागरूकता और मानव सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी प्रदर्शित की।
इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि के पूर्व मुलुंड में रक्तदान एवं स्वास्थ्य जांच शिविर सम्पन्न, कांग्रेस राकेश शंकर शेट्टी के नेतृत्व में लोगों ने उत्साहपूर्वक लिया हिस्सा
