विक्रोली पार्क साइट में रविवार से भव्य रामलीला मंचन

21 अक्टूबर तक होंगे विविध कार्यक्रम

मुंबई

विक्रोली के पार्क साइट स्थित छत्रपति श्री शिवाजी महाराज मैदान में श्री रामलीला उत्सव समिति के तत्वावधान में रविवार से भव्य रामलीला महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। समिति अपने 60वें वर्ष में इस महोत्सव का आयोजन अध्यक्ष प्रभाकर चंद्रशेखर शुक्ल के नेतृत्व में कर रही है। महोत्सव के दौरान धार्मिक, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक कार्यक्रमों की विविध प्रस्तुतियां होंगी।
कार्यक्रम के तहत 14 अक्टुबर दिन बुधवार को दोपहर 3 बजे से भगवान श्रीराम की भव्य बारात एवं नगर दर्शन के लिए झांकी शोभायात्रा निकाली जाएगी। वहीं, 18 अक्टूबर को श्रीरामचरितमानस एवं महाकाव्य महाभारत पर आधारित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। 20 अक्टूबर को दशहरा,विजयादशमी के अवसर पर आधुनिक तकनीक से रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। इसके साथ ही भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक की विशेष प्रस्तुति भी होगी।
21 अक्टूबर को दोपहर 1 बजे से भोजपुरी बिरहा का जंगी मुकाबला आयोजित किया जाएगा। और इसी दिन बुधवार 21 अक्टुबर को शाम 5 बजे से अखिल भारतीय विराट कवि सम्मेलन का आयोजन होगा, जिसमें कवि अपनी रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं का मनोरंजन करेंगे।
समिति के पदाधिकारी आदेश मिश्र ने श्रद्धालुओं, क्षेत्रवासियों एवं रामभक्तों से सभी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। महोत्सव को सफल बनाने के लिए समिति की समस्त कार्यकारिणी के सदस्य तैयारियों में जुटे हुए हैं।

Share

Copyright ©2025 Navbharat Darpan .Designed By Mindcraft Infotech

navbharat darpan logo