एनबीडी मुंबई,
बोरीवली विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजय उपाध्याय ने केंद्रीय रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर बोरीवली रेलवे स्टेशन के पुनर्निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि बोरीवली स्टेशन मुंबई के सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशनों में से एक है, जहां प्रतिदिन लगभग 4.5 लाख यात्री आवागमन करते हैं। प्रधानमंत्री अमृत भारत योजना के तहत स्टेशन के आधुनिकीकरण और पुनर्निर्माण को मंजूरी मिल चुकी है, इसलिए इसकी प्रक्रिया में तेजी लाई जानी चाहिए।
इसके अलावा विधायक उपाध्याय ने रेल मंत्री को अलग-अलग पत्रों के माध्यम से पश्चिम रेलवे से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगें भी उठाईं। इनमें बोरीवली से चर्चगेट के बीच एसी लोकल ट्रेनों की संख्या बढ़ाने की मांग प्रमुख है। उन्होंने कहा कि यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए एसी लोकल सेवाओं का विस्तार आवश्यक है। उन्होंने दहाणू रोड तथा विरार और बोरीवली के बीच मेमू सेवाओं की जगह नई लोकल ट्रेन शुरू करने का भी आग्रह किया है,क्योंकि मेमू ट्रेन में काफी गंदगी होती है, उनमें पुराने रैक लगे हुए हैं। इससे उनमें प्रकाश कम होता है, हवा नहीं आती है, अगर नए लोकल की तर्ज़ पर ट्रेन चलाई गई तो उपनगरीय यात्रियों को सुविधाजनक रहेगा। उन्होंने इसके लिए Ac-non Ac डिब्बे वाली लोकल ट्रेन चलाने की मांग की है। विधायक ने बोरीवली से चर्चगेट के बीच अतिरिक्त लोकल सेवाएं शुरू करने तथा यात्रियों की सुविधा के लिए रेल संचालन में सुधार की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि नवी मुंबई में APMC एवं एजुकेशन हब होने के कारण पश्चिमी उपनगर से बड़ी संख्या में व्यापारी और विद्यार्थी नवी मुंबई रोजाना सफर करते हैं। इस सफर के दौरान उन्हें कई जगहों पर लोकल ट्रेन बदलनी पड़ती है। इस असुविधा को दूर करने के लिए अंधेरी से बेलापुर(Ac/non Ac) लोकल सुबह 6 बजे से शुरू किए जाने के साथ ही बोरीवली से बेलापुर(Ac/non Ac) लोकल भी जल्द शुरू करने की मांग विधायक संजय उपाध्याय ने की। उन्होंने पश्चिम रेलवे के उपनगरीय नेटवर्क पर लगातार बढ़ते दबाव को देखते हुए यात्री सुविधाओं के विस्तार करने की मांग है।
संजय उपाध्याय ने रेल मंत्री को अवगत कराया कि पश्चिमी उपनगर वासियों को कल्याण जाने के लिए भी दादर जाकर लोकल बदलना पड़ता है। इस समस्या को दूर करने के लिए उन्होंने बोरीवली से वसई- दिवा होते हुए कल्याण के लिए लोकल ट्रेन शुरू करने की मांग केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से की।
संजय उपाध्याय ने रेल मंत्री से इन सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक निर्णय लेकर जल्द कार्रवाई करने का अनुरोध किया है, ताकि लाखों दैनिक यात्रियों को बेहतर और सुगम रेल सेवाओं का लाभ मिल सके। संजय उपाध्याय ने विलेपार्ले रेल्वे स्टेशन पर रेल मंत्री से पिछली मुलाकात के दौरान स्वयं चालित सीढ़ियां लगाने की (ESCALATOR) मांग की थी, जो कि लगाया जा रहा है। इस मांग को पूरा करने के लिए संजय उपाध्याय ने रेल मंत्री अश्विनी का आभार व्यक्त किया ।
