मुंबई। राकांपा (अजित पवार गुट) के महाराष्ट्र प्रदेश महासचिव व पूर्व राज्य मंत्री डाॅ आसिफ शेख के मार्गदर्शन एवं श्री जैन धार्मिक शिक्षण संघ के उपाध्यक्ष संजय शाह के नेतृत्व में जैन समाज के प्रतिनिधिमंडल ने महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा ताई अजित पवार से भेंट कर उनका सम्मान किया। इस अवसर पर जैन समाज की शैक्षणिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ-साथ प्रस्तावित जैन शिक्षा संकुल के लिए भूमि उपलब्ध कराने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
इस अवसर पर श्री जैन धार्मिक शिक्षण संघ, मुंबई के उपाध्यक्ष संजय जीवनलाल शाह, जैन अल्पसंख्यक सेवा संस्था की महिला अध्यक्ष अल्पा शाह, अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार राजदूत संगठन के राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष एवं ‘लंदन हेराल्ड’ के भारत संस्करण प्रमुख राजेश उपाध्याय, युवा समाजसेवी पंकज उपाध्याय ने उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा ताई अजित पवार का भव्य सम्मान किया। प्रतिनिधिमंडल में जैन समाज के विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने जैन समाज द्वारा शिक्षा, संस्कार, सामाजिक सेवा तथा युवा पीढ़ी के विकास के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी उपमुख्यमंत्री को दी। इस अवसर पर संजय शाह ने कहा कि जैन समाज की ओर से एक भव्य जैन शिक्षा संकुल स्थापित करने की योजना है, जिसमें छात्र-छात्राओं के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त बड़े छात्रावास की व्यवस्था भी प्रस्तावित है। इस संकुल के माध्यम से जैन धर्म के सिद्धांतों, भगवान महावीर के अहिंसा, सत्य, अपरिग्रह एवं करुणा के संदेश तथा आधुनिक उच्च शिक्षा को साथ लेकर नई पीढ़ी को संस्कारयुक्त एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जैन शिक्षा संकुल केवल एक भवन नहीं, बल्कि जैन संस्कृति, संस्कार और ज्ञान परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम होगा। हमारा उद्देश्य है कि यहां से शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थी देश-विदेश में अपनी प्रतिभा के माध्यम से भारत और जैन समाज का नाम रोशन करें तथा भगवान महावीर के अहिंसा और शांति के संदेश को विश्वभर में आगे बढ़ाएं। श्री शाह ने कहा कि जैन समाज मुंबई, महाराष्ट्र तथा देश की अर्थव्यवस्था में लंबे समय से महत्वपूर्ण योगदान देता आया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में समाज के उद्यमी, युवा एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोग ‘मेक इन इंडिया’, ‘स्वच्छ भारत अभियान’ और ‘स्टार्टअप इंडिया’ जैसी राष्ट्र निर्माण की पहलों में भी सक्रिय योगदान दे रहे हैं। उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा ताई अजित पवार ने जैन समाज की शैक्षणिक एवं सामाजिक पहलों की सराहना करते हुए प्रस्तावित जैन शिक्षा संकुल सहित समाज के विभिन्न सकारात्मक प्रयासों में सहयोग एवं सकारात्मक मार्गदर्शन देने का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल ने आगामी सामाजिक एवं सम्मान समारोह की जानकारी भी उपमुख्यमंत्री को दी। समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली नारी शक्ति एवं विशिष्ट व्यक्तित्वों का सम्मान किया जाएगा। साथ ही जरूरतमंद महिलाओं को सिलाई मशीनों का वितरण कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में पहल की जाएगी। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि शिक्षा, संस्कार, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक सेवा और राष्ट्र निर्माण के माध्यम से जैन समाज आने वाली पीढ़ियों को मजबूत बनाने के साथ-साथ ‘अहिंसा परमो धर्मः’ के संदेश को व्यापक स्तर पर जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा ताई अजित पवार से मिला जैन समाज का प्रतिनिधिमंडल
