मुंबई। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर दिव्याज फाउंडेशन की ओर से डोम, एसव्हीपी स्टेडियम, एनएससीआय, वरली में भव्य योग एवं ध्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में महाराष्ट्र राज्य के मंत्रिमंडल मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा की प्रमुख उपस्थिति रही। इस अवसर पर दिव्याज फाउंडेशन के कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा व्यक्त भावना का उल्लेख किया। “मेरे जीवन की लेडी लक मेरी प्यारी बेटी दिविजा है,” इस कथन से झलकने वाले पारिवारिक मूल्यों और स्नेह का उन्होंने विशेष उल्लेख किया। उन्हीं मूल्यों को आगे बढ़ाते हुए श्रीमती अमृता फडणवीस की पहल से स्थापित दिव्याज फाउंडेशन द्वारा समाज के वंचित वर्गों के लिए विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर कार्य किया जा रहा है।
पिछले आठ वर्षों से फाउंडेशन शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण, स्वच्छता अभियान और आर्थिक आत्मनिर्भरता जैसे क्षेत्रों में कार्य कर रहा है। समाजसेवा, खेल, संगीत, योग और कौशल विकास का समन्वय करते हुए इस संस्था ने सर्वांगीण विकास का एक आदर्श स्थापित किया है। इस वर्ष के योग दिवस कार्यक्रम में विशेष रूप से आत्महत्या प्रभावित किसान परिवारों के ७०० से अधिक बच्चों को शामिल किया गया, जिससे उन्हें सकारात्मकता, आत्मविश्वास और जीवन में नई दिशा मिल सके।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा, “योग केवल एक व्यायाम या कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक साधना है जो शरीर, मन और भविष्य को जोड़ती है। भारत की इस अमूल्य परंपरा को वैश्विक पहचान दिलाने का श्रेय हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जाता है। उनके प्रयासों से योग को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता मिली और भारत की सांस्कृतिक पहचान और सुदृढ़ हुई है।” उन्होंने आगे कहा, “मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस महाराष्ट्र की राजनीति के ‘योग गुरु’ हैं। योग के तत्वज्ञान के अनुरूप उन्होंने संतुलित और दूरदर्शी नेतृत्व के माध्यम से राज्य को विकास की दिशा में आगे बढ़ाया है।” कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य व्यक्ति, स्वयंसेवक, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे। योग, ध्यान और जनजागरण के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए दिव्याज फाउंडेशन के कार्यों की सभी स्तरों पर सराहना की गई। विकसित महाराष्ट्र की दिशा में ऐसे प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी, ऐसा विश्वास व्यक्त किया गया।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस महाराष्ट्र की राजनीति के योग गुरु : मंगल प्रभात लोढ़ा
