मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में उप-मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का प्रभाव लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में उत्तर मुंबई में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) को उस समय बड़ा झटका लगा, जब उनके कई कद्दावर पदाधिकारियों और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने एक साथ शिवसेना (शिंदे गुट) में प्रवेश कर लिया। उप-मुख्यमंत्री के विकास कार्यों और उनके जुझारू नेतृत्व पर विश्वास जताते हुए इन नेताओं ने शिवसेना का भगवा झंडा फहराया।शिवसेना परिवार में शामिल होने वाले प्रमुख चेहरों में उत्तर मुंबई के वे नेता शामिल हैं, जिनकी जमीन पर गहरी पकड़ मानी जाती है। भाजपा से उत्तर मुंबई के महामंत्री शिवदयाल मिश्रा, उत्तर भारतीय मोर्चा के उपाध्यक्ष राजेश मिश्रा, उत्तर भारतीय युवा मोर्चा के अध्यक्ष अमित पांडे, वार्ड क्रमांक १२ के सचिव रवी पाठक और अध्यक्ष शशिकांत पाल ने शिवसेना की सदस्यता ग्रहण की। मनसे से मनसे की उपविभाग अध्यक्ष कस्तुरी रोहेकर और महासचिव अजित ने भी अपने समर्थकों के साथ शिवसेना का हाथ थाम लिया।इस भव्य प्रवेश समारोह के दौरान शिवसेना के वरिष्ठ नेताओं और मागाठाणे विधानसभा के विधायक प्रकाश सुर्वे ने सभी नए सहयोगियों का पुष्पगुच्छ देकर हार्दिक अभिनंदन किया। पार्टी की ओर से जारी बयान में कहा गया कि इन अनुभवी पदाधिकारियों के जुड़ने से शिवसेना न केवल सांगठनिक रूप से मजबूत हुई है, बल्कि आने वाले समय में जनसेवा के कार्यों में भी तेजी आएगी।
इस दौरान मागाठाणे विधानसभा के विधायक प्रकाश सुर्वे ने कहा की यह प्रवेश पार्टी के लिए मजबूती देने वाला है। इन सभी कर्मठ साथियों के आने से हम नई ऊर्जा के साथ जनता के बीच जाएंगे और उप-मुख्यमंत्री शिंदे साहब के विजन को घर-घर तक पहुँचाएंगे।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा और मनसे के उत्तर भारतीय मोर्चे और स्थानीय वार्ड स्तर के पदाधिकारियों का शिवसेना में जाने से शिवसेना उत्तर मुंबई में और मजबूत होंगी। विशेष रूप से उत्तर भारतीय मतदाताओं के बीच अपनी पैठ बनाने के लिए शिवसेना के लिए यह एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।नए शामिल हुए पदाधिकारियों ने एकजुट होकर संकल्प लिया कि वे उप-मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के कुशल मार्गदर्शन में महाराष्ट्र को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करेंगे।
शिवदयाल मिश्रा समेत अनेक दिग्गज भाजपा पदाधिकारियों ने थामा शिवसेना का भगवा
