मुलुंड में 28वां गुणवंत विद्यार्थी सम्मान समारोह आयोजित, मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

मुंबई। मुलुंड (पश्चिम) स्थित महाराष्ट्र सेवा संघ सभागार में नगरसेवक प्रकाश गंगाधरे के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी एवं मुलुंड सेवा संघ के संयुक्त तत्वावधान में 28वें गुणवंत विद्यार्थी सम्मान समारोह का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में दसवीं एवं बारहवीं बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

समारोह में दसवीं बोर्ड परीक्षा में 100 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली छात्रा ईशा संतोष सोनवणे का विशेष सम्मान महाराष्ट्र के सूचना प्रौद्योगिकी एवं सांस्कृतिक कार्य मंत्री तथा मुंबई उपनगर के पालकमंत्री एडवोकेट आशीष शेलार, भाजपा मुंबई अध्यक्ष एवं विधायक अमित साटम तथा बृहन्मुंबई महानगरपालिका की महापौर ऋतु तावड़े के करकमलों से किया गया। सभी सम्मानित विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति-पत्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट किए गए।

इस अवसर पर अतिथियों ने विद्यार्थियों को कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर सीखने की भावना बनाए रखने की प्रेरणा देते हुए देश और समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया। वहीं, सिलिका इंस्टीट्यूट की संचालिका कविता रेडकर ने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, करियर विकल्पों और भविष्य की योजना को लेकर उपयोगी मार्गदर्शन प्रदान किया।

कार्यक्रम में विधायक मिहिर कोटेचा, भाजपा प्रवक्ता अवधूत वाघ, वरिष्ठ पत्रकार सुखरूप खांडेकर, रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के मुलुंड तालुका अध्यक्ष योगेश शीलवंत सहित अनेक गणमान्य नागरिक, शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। आयोजकों ने बताया कि पिछले 28 वर्षों से आयोजित यह सम्मान समारोह विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने और उन्हें शिक्षा, संस्कार एवं समाजसेवा के प्रति प्रेरित करने का सफल माध्यम बना हुआ है।

Share

Copyright ©2025 Navbharat Darpan .Designed By Mindcraft Infotech

navbharat darpan logo