एनबीडी जौनपुर,
रविदास जयंती के पावन अवसर पर लोकजनशक्ति पार्टी (लोजपा) जौनपुर कार्यालय में कार्यकर्ताओं द्वारा श्रद्धापूर्वक पुष्पांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संत शिरोमणि गुरु रविदास के विचारों एवं उनके सामाजिक संदेश को स्मरण करते हुए उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से कई कार्यकर्ताओं को नवीन दायित्व भी सौंपे गए। इस अवसर पर पार्टी की जिला अध्यक्ष रीता सरोज, वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्यारे लाल सरोज सहित जिले भर से आए समस्त कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं से गुरु रविदास के समता, समानता और सामाजिक न्याय के विचारों को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया तथा संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश लोक जनशक्ति पार्टी के प्रधान महासचिव विकास पांडेय ने कहा, “संत गुरु रविदास का जीवन समता, न्याय और मानव गरिमा की प्रेरणा है। उनके विचार आज भी समाज को जोड़ने और शोषित-वंचित वर्ग को अधिकार दिलाने का मार्ग दिखाते हैं। लोक जनशक्ति पार्टी गुरु रविदास के आदर्शों पर चलते हुए सामाजिक न्याय और सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी।”
