भांडुप पश्चिम वार्ड 112 में कांग्रेस का जोरदारा प्रचार, श्रेया शेट्टी ने किया मॉडल वार्ड बनाने का संकल्प

एनबीडी भांडुप ,

बृहन्मुंबई महानगरपालिका चुनाव की सरगर्मियों के बीच भांडुप पश्चिम के वार्ड क्रमांक 112 में कांग्रेस ने अपने जनसंपर्क अभियान के माध्यम से मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी श्रेया शेट्टी के नेतृत्व में निकाली गई रैलियों और जनसभाओं में बड़ी संख्या में नागरिकों की भागीदारी देखने को मिली, जिससे क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गर्मा गया है।

प्रचार अभियान के दौरान श्रेया शेट्टी ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि वार्ड 112 को एक आदर्श और मॉडल वार्ड के रूप में विकसित करना है। उन्होंने कहा कि सड़क, जलनिकासी, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उनके प्रमुख एजेंडे में शामिल हैं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि विकास कागजी वादों से नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर काम से संभव होगा।

इस अवसर पर उनके पति एवं महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता तथा मुंबई कांग्रेस के महासचिव राकेश शेट्टी भी सक्रिय रूप से मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए काम किया है और वार्ड 112 को उसका न्यायोचित विकास अब तक नहीं मिल पाया है। उन्होंने नागरिकों से कांग्रेस को निर्णायक जनादेश देने की अपील की।

जनसंपर्क के दौरान स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं—जैसे टूटी सड़कें, अपर्याप्त ड्रेनेज व्यवस्था और स्वच्छता की कमी—को सामने रखा। इस पर श्रेया शेट्टी ने भरोसा दिलाया कि चुनाव के बाद इन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।

रैली और जनसभाओं में उमड़ा उत्साह और समर्थन यह संकेत दे रहा है कि वार्ड 112 में कांग्रेस का अभियान जनता के बीच प्रभाव छोड़ रहा है और चुनावी मुकाबला लगातार दिलचस्प होता जा रहा है।

Share

Copyright ©2025 Navbharat Darpan .Designed By Mindcraft Infotech

navbharat darpan logo