UGC देश के युवाओं में फूट और नफरत डालने वाला कानून : बाबा दुबे

एनबीडी जौनपुर,

यूजीसी कानून देश का भविष्य कहे जाने वाले युवाओं में फूट और नफरत पैदा करने वाला कानून है, जो देश को बर्बाद कर देगा। बदलापुर के बाबा कुंज में आयोजित होली मिलन समारोह में बोलते हुए पूर्व विधायक ओमप्रकाश दुबे बाबा दुबे ने उपरोक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि इस कानून का दुरुपयोग नहीं होगा कहने वाले लोग पूरी तरह से लोगों को भ्रमित कर रहे हैं। लोग पहले से ही इसी सरकार द्वारा बनाए गए एससी एसटी कानून का दुरुपयोग देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि कॉलेज जीवन में अलग-अलग जातियों के लोग गहरे मित्र बन जाते हैं , जो कालांतर में समाज के लिए उदाहरण बनते हैं।

इस कानून ने उन स्वर्णिम अवसरों को पूरी तरह से लगाम लगा दिया है, जिनके चलते मित्रता की आदर्श व्याख्या की जाती रही। एक प्रकार से यह कानून कृष्ण और सुदामा की दोस्ती के बीच दीवार खड़ा करने का प्रयास है। यह कानून विद्यार्थी जीवन में जहर घोलने का प्रयास है। बाबा दुबे ने कहा कि सबका साथ, सबका विकास का झूठा नारा लगाने की बजाय सबका सत्यानाश का नारा लगाया जाए। उन्होंने कहा कि लोग अपने बच्चों को कॉलेज में पढ़ने के लिए भेजते हैं ना कि आपस में झगड़ा करने के लिए। इस काले कानून से बच्चों में शत्रुता बढ़ेगी और फर्जी मुकदमों का अंबार और बढ़ेगा। उपस्थित लोगों को होली की शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि वे जन संपर्क यात्रा के माध्यम से बदलापुर विधानसभा की सभी जनता से मिलकर उनके सुख दुख जानने का प्रयास कर रहे हैं। इस अवसर पर युवा गायक हरिओम तिवारी द्वारा मधुर होली गीत प्रस्तुत किए गए। प्रेम प्रकाश दुबे ने समस्त लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ कवि सभाजीत दुबे प्रखर ने किया।

Share

Copyright ©2025 Navbharat Darpan .Designed By Mindcraft Infotech

navbharat darpan logo