एनबीडी ठाणे,
आषाढ़ द्वितीया को जगन्नाथ देवस्थानम (इस्कॉन ठाणे), ओवला, जी.बी. रोड के तत्वावधान में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा अत्यंत भव्यता और श्रद्धा के साथ संपन्न हुई। इस दिव्य आयोजन का मार्गदर्शन पूज्य नारायणी लक्ष्मी देवी दासी ने किया, जो पूज्य गोपाल कृष्ण गोस्वामी महाराज की शिष्या एवं दीक्षा गुरु हैं और पूज्य भक्ति पद्म सौरभ प्रचारक स्वामी महाराज की शिक्षा गुरु भी हैं। आयोजन में डॉ. राममूर्ति जी ने विभिन्न गणमान्य जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करने में विशेष भूमिका निभाई। इस रथ यात्रा में अनेक प्रमुख राजनीतिक एवं सामाजिक हस्तियों की उपस्थिति रही जिनमें सांसद नरेश महास्के (शिवसेना), पूर्व सांसद व महापौर राजन विचारे (शिवसेना – उद्धव गुट), भाजपा के जिला उपाध्यक्ष राम ठाकुर, नगरसेवक एडवोकेट संदीप लेले, वाग्बिल क्षेत्र प्रमुख नरेश मनेरा, शिवसेना के सक्रिय सदस्य प्रवीण नागरे, भाजपा के सचिन पंजाबी, ओवला विभाग प्रमुख विक्की टंडेल, भाजपा सदस्य राजीव किनी और अश्विन सिंह प्रमुख रहे।
रथ यात्रा की शुरुआत आनंद नगर टीएमसी ग्राउंड से हुई, जहां भगवान को 108 से अधिक भोग अर्पित किए गए। कलाकारों द्वारा प्रस्तुत आध्यात्मिक नृत्य ने उपस्थित भक्तों को भावविभोर कर दिया। बारिश के देवता इंद्र ने जैसे भक्तों की भावना देख बादलों को रोक लिया और हल्की फुहारों के बीच भक्तिमय वातावरण और भी आनंददायक हो गया। पूरे मार्ग में हरे कृष्ण महामंत्र की गूंज और जगह-जगह प्रसाद वितरण ने वातावरण को पावन बना दिया। रथ रात्रि 8:30 बजे जगन्नाथ देवस्थानम पहुंचा, जहां हजारों भक्त पहले से भगवान के दर्शन हेतु प्रतीक्षा कर रहे थे। रथ के साथ हजारों श्रद्धालु चल रहे थे और लगभग 4000 से अधिक भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस आयोजन की सफलता हर उस भक्त को समर्पित है, जिसने तन, मन और सेवा भाव से भगवान जगन्नाथ को रथ पर विराजमान कर हजारों आत्माओं तक उनकी कृपा पहुंचाने में योगदान दिया। यह रथयात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, सेवा और भक्ति का एक जीवंत उत्सव बनकर हर हृदय में बस गई।
