समाजसेवी चंद्रशेखर शुक्ल का निधन, पंचतत्व में विलीन हुआ पार्थिव शरीर

एनबीडी मुंबई,

गरीब और जरूरतमंद कन्याओं के विवाह में अपनी अहम भूमिका निभाने वाले श्री रामलीला उत्सव समिति, विक्रोली के अध्यक्ष चंद्रशेखर शुक्ल (बेबी भैया) का बीती रात 10 बजे आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर से समाज में गहरा शोक व्याप्त है। हमेशा सेवा और सहयोग के लिए समर्पित रहने वाले बेबी भैया का जाना समाज के लिए अपूरणीय क्षति है।

सुल्तानपुर जनपद (उत्तर प्रदेश) के रेवारी गांव के मूल निवासी बेबी भैया का परिवार वर्षों से समाजसेवा में सक्रिय रहा है। उनके सुपुत्र राहुल शुक्ला वर्तमान में जयसिंहपुर ब्लॉक के ब्लॉक प्रमुख हैं।

उनके अंतिम दर्शन के लिए आज सुबह से ही घाटकोपर पश्चिम स्थित उनके आवास पर समाजसेवियों, राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों का तांता लगा रहा। महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह, राहुल एजुकेशन के चेयरमैन लल्लन तिवारी, बोरीवली के विधायक संजय उपाध्याय, उत्तर भारतीय संघ के अध्यक्ष संतोष आरएन सिंह, उद्योगपति व समाजसेवी ज्ञानप्रकाश सिंह, भारतीय सद्विचार मंच के अध्यक्ष डॉ. राधेश्याम तिवारी, समरस फाउंडेशन के चेयरमैन डॉ. किशोर सिंह, मुंबई भाजपा प्रवक्ता उदय प्रताप सिंह, डॉ. ओमप्रकाश दुबे, वरिष्ठ समाजसेवी चित्रसेन सिंह, गौरीशंकर मंडल के अध्यक्ष रामसेवक पांडे, उत्तर भारतीय मोर्चा मीरा-भायंदर अध्यक्ष सुरेश सिंह, समाजसेवी विजय पंडित, पत्रकार व समाजसेवी अविनाश पांडेय,डॉ. रमाकांत तिवारी क्षितिज, विद्रोही महाराज समेत सैकड़ों लोगों ने शोक व्यक्त किया और उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

बेबी भैया ने अपना संपूर्ण जीवन गरीबों की सेवा और सामाजिक कार्यों में लगा दिया। उन्होंने हजारों गरीब कन्याओं के विवाह में सहयोग किया और समाज के कमजोर वर्गों की मदद के लिए हमेशा तत्पर रहे। उनका जाना समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।

Share

Copyright ©2025 Navbharat Darpan .Designed By Mindcraft Infotech

navbharat darpan logo