सेवा हक्क दिवस पर सिडको के उपाध्यक्ष विजय सिंघल ने दिलाई सेवा शपथ

एनबीडी नवी मुंबई,

सेवा हक्क दिवस के अवसर पर सिडको के उपाध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्री विजय सिंघल ने 28 अप्रैल 2025 को सिडको के अधिकारियों और कर्मचारियों को सेवा अधिकार की शपथ दिलाई। इस अवसर पर सह-प्रबंध निदेशक श्री गणेश देशमुख, विभाग प्रमुख तथा बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

महाराष्ट्र सरकार ने 28 अप्रैल 2015 को “महाराष्ट्र लोक सेवा हक्क अधिनियम 2015” को लागू किया था। इस अधिनियम के तहत सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को नागरिकों को तय समय-सीमा में सेवाएं उपलब्ध कराने का दायित्व सौंपा गया है, तथा इसके पालन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की गई है। अधिनियम के तहत गठित राज्य सेवा हक्क आयोग का आदर्श वाक्य है — “आपकी सेवा, हमारा कर्तव्य”।

इस अधिनियम के दस वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में महाराष्ट्र सरकार ने 28 अप्रैल को सेवा हक्क दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में आयोजित समारोह के दौरान श्री विजय सिंघल की उपस्थिति में सिडको के अधिकारियों और कर्मचारियों ने लोकसेवा के प्रति अपने कर्तव्य बोध को दृढ़ करते हुए सामूहिक रूप से सेवा शपथ का वाचन किया।

कार्यक्रम में श्री सिंघल ने उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को लोकसेवा में पारदर्शिता, समयबद्धता और संवेदनशीलता बरतने का आह्वान भी किया।

Share

Copyright ©2025 Navbharat Darpan .Designed By Mindcraft Infotech

navbharat darpan logo