श्रीवैष्णवाश्रम दारागंज के उपमहन्त स्वामी गरुड़ध्वजाचार्य जी का महन्त पद पर भव्य पट्टाभिषेक सम्पन्न

एनबीडी प्रयागराज,

आज दिनांक 24 जनवरी 2026 को पूर्वाह्न 11:00 बजे, भगवान श्रीवेंकटेश की पावन सन्निधि में देवरा प्रयाग न्यास परिषद् के तत्त्वावधान में एक ऐतिहासिक एवं गरिमामय धार्मिक आयोजन सम्पन्न हुआ। परिषद् के उपमहन्तों के बहुमत से चयनित श्रीवैष्णवाश्रम, दारागंज, प्रयागराज के उपमहन्त स्वामी श्री गरुड़ध्वजाचार्य जी महाराज का महन्त पद पर पट्टाभिषेक विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक परंपराओं के अनुरूप सम्पन्न कराया गया।

इस पावन समारोह की संयुक्त अध्यक्षता सुमेरूपीठाधीश्वर जगद्‌गुरु शंकराचार्य स्वामी श्री नरेन्द्रानन्द सरस्वती जी महाराज एवं जगद्‌गुरुस्वामी श्री राघवाचार्य जी महाराज ने की। कार्यक्रम में रामानुज सम्प्रदाय के लगभग 40 जगद्‌गुरुओं तथा शताधिक महन्तों एवं संत-महात्माओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।

पट्टाभिषेक समारोह में विशेष रूप से जगद्‌गुरुस्वामी श्रीधराचार्य जी महाराज, श्रीकृष्णाचार्य जी महाराज, श्री अनन्ताचार्य जी महाराज, श्री अच्युतप्रपन्नाचार्य जी महाराज, श्री योगेश्वराचार्य जी महाराज, श्री रसिक बिहारी जी महाराज, श्री नारायणाचार्य शांडिल्य जी महाराज, श्री रवीश्वराचार्य जी महाराज, श्री विष्णुविक्रमाचार्य जी महाराज, श्री अनिरुद्धाचार्य जी महाराज, श्री हरिकेशाचार्य जी महाराज, श्री राघवेन्द्राचार्य जी महाराज एवं श्री सुदर्शनाचार्य जी महाराज सहित अनेक जगद्‌गुरुओं ने नव नियुक्त महन्त को आशीर्वाद प्रदान किया।

समारोह में पूर्व राज्य मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार श्री अशोक कुमार वाजपेयी, प्रयागराज के महापौर श्री उमेशचन्द्र गणेशचन्द्र केसरवानी सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिष्ठित संत, महन्त एवं धर्माचार्य उपस्थित रहे। अयोध्या, काशी, वृन्दावन, बम्बई एवं अन्य तीर्थस्थलों से पधारे संत-महन्तों ने इस अवसर को ऐतिहासिक बताते हुए स्वामी श्री गरुड़ध्वजाचार्य जी महाराज के नेतृत्व में श्रीवैष्णव परंपरा के और अधिक सशक्त होने की कामना की।

समारोह का समापन वैदिक मंगलाचरण, आशीर्वचन एवं भक्तों के प्रसाद वितरण के साथ हुआ।

Share

Copyright ©2025 Navbharat Darpan .Designed By Mindcraft Infotech

navbharat darpan logo