केंद्रीय बजट 2026 को लेकर युवा मोर्चा मुंबई ने जेन-जी (Gen-Z) युवतियों के लिए किया विशेष संवाद का आयोजन

एनबीडी मुंबई,

भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा आज 4 फरवरी 2026 को ‘केंद्रीय बजट 2026’ विषय पर 18 से 28 वर्ष की जेन-जी (Gen-Z) युवतियों के लिए एक विशेष संवाद कार्यक्रम का एसएनडीटी कॉलेज, मलाड (पश्चिम) में सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर भाजपा मुंबई अध्यक्ष अमित साटम ने उपस्थित जेन-जी युवतियों से संवाद करते हुए केंद्रीय बजट 2026 के प्रमुख प्रावधानों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने शिक्षा, स्टार्ट-अप, तकनीकी विकास और मुंबई के समग्र विकास पर अपने विचार साझा किए।
संवाद के दौरान अमित साटम ने कहा कि “आज भारत की अर्थव्यवस्था में पर्यटन, विशेषकर धार्मिक पर्यटन, एक नई शक्ति बनकर उभरा है। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के बाद वर्ष 2024 में 3.5 करोड़ (35 मिलियन) पर्यटक आए और 2025 में यह संख्या बढ़कर 5.5 करोड़ (55 मिलियन) तक पहुँच गई है। यह आंकड़ा विश्व स्तर पर वेटिकन सिटी और मक्का-मदीना जैसे स्थलों से भी अधिक है, जो भारत की सांस्कृतिक और आर्थिक प्रगति का प्रमाण है।” महिलाओं और युवाओं के भविष्य पर जोर देते हुए उन्होंने आगे कहा कि “सरकार महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए हर जिले में एक वर्किंग वुमन हॉस्टल बनाने जा रही है। साथ ही, यह बजट युवाओं को ‘जॉब सीकर’ (नौकरी मांगने वाला) नहीं, बल्कि ‘जॉब गिवर’ (नौकरी देने वाला) बनाने के लिए प्रोत्साहित करता है। अब भारत किसी बड़े देश के पीछे नहीं चलता या उनके दिखाए रास्तों का अनुसरण नहीं करता, बल्कि आज का भारत आत्मविश्वास के साथ कहता है— ‘यह मेरा रास्ता है (It’s MY WAY)!'”कार्यक्रम के दौरान युवतियों ने बजट से संबंधित अपने प्रश्न रखे, जिनका अमित साटम जी ने सरल और स्पष्ट भाषा में उत्तर दिया।
भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष तेजिंदर सिंह तिवाना ने कहा कि “केंद्रीय बजट 2026 में नारी सशक्तिकरण को आर्थिक मजबूती के साथ जोड़ा गया है। SHE-Marts के माध्यम से अब स्वयं सहायता समूह की बहनें न केवल उत्पाद बनाएंगी, बल्कि उनका स्वामित्व और संचालन भी स्वयं करेंगी। लखपति दीदी योजना और केयरगिविंग सेक्टर में 1.5 लाख नई नौकरियों के सृजन से महिलाओं की भागीदारी देश की अर्थव्यवस्था की सशक्त धुरी बनेगी।”
कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ और उपस्थित युवतियों ने इसे अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक बताया।

Share

Copyright ©2025 Navbharat Darpan .Designed By Mindcraft Infotech

navbharat darpan logo