एनबीडी भांडुप,
भांडुप (पश्चिम) रेलवे स्टेशन के समीप सोमवार, 29 दिसंबर 2025 को हुए दर्दनाक बीईएसटी बस हादसे में जान गंवाने वाले स्वर्गीय श्री प्रशांत दत्तू शिंदे के परिवार को मानवीय संवेदना के तहत सहायता प्रदान की गई।
एकता – द पॉवर ऑफ यूथ एंड यूनिटी (एनजीओ) के संस्थापक अध्यक्ष श्री राकेश शंकर शेट्टी ने स्वर्गीय प्रशांत शिंदे की पत्नी श्रीमती कंचन प्रशांत शिंदे को एक लाख रुपये का चेक सौंपकर परिवार को संबल दिया।
यह संवेदनशील कार्यक्रम रविवार, 25 जनवरी 2026 को जी. एस. शेट्टी इंटरनेशनल स्कूल, नाहूर (पश्चिम) में आयोजित किया गया। इस अवसर पर श्री राकेश शंकर शेट्टी ने कहा कि वे इस गंभीर विषय को बीईएसटी प्राधिकरण के समक्ष मजबूती से उठाएंगे। उन्होंने हादसे में मृत सभी व्यक्तियों के परिजनों को बढ़ी हुई आर्थिक क्षतिपूर्ति देने तथा प्रत्येक परिवार से एक सदस्य को स्थायी रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की।
गौरतलब है कि स्वर्गीय प्रशांत दत्तू शिंदे अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनका इकलौता पुत्र कुमार सोहम प्रशांत शिंदे वर्तमान में पराग विद्यालय, भांडुप (पश्चिम), मुंबई में कक्षा चौथी में अध्ययनरत है।
इस दुखद हादसे को लेकर उपस्थित सभी लोगों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय एवं समुचित सहायता मिलने की कामना की।
