एनबीडी जौनपुर,
जनपद के ग्राम बेलगहन के मूल निवासी प्रोफेसर अनुपम सिंह, जो वर्तमान में यूनिवर्सिटी ऑफ ग्लास्गो, यूनाइटेड किंगडम में प्रोफेसर हैं, को सर्वश्रेष्ठ शिक्षण पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें विद्यार्थियों के मार्गदर्शन, उत्कृष्ट शिक्षण और शैक्षणिक योगदान के लिए प्रदान किया गया है।
छोटे से गांव बेलगहन से निकलकर अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक जगत में पहचान बनाने वाले प्रो. अनुपम सिंह ने जिले और क्षेत्र का मान बढ़ाया है। शिक्षण के साथ-साथ वह कृत्रिम बुद्धिमत्ता (Artificial Intelligence) के क्षेत्र में भी सक्रिय शोध कर रहे हैं। उनका शैक्षणिक जुड़ाव यूनिवर्सिटी ऑफ ऑक्सफोर्ड, यूनिवर्सिटी ऑफ मलाया, मलेशिया तथा सामाजिक प्रभाव के लिए AI विकसित करने वाली सरकारी परियोजनाओं से भी रहा है। प्रो. अनुपम सिंह की यह उपलब्धि जौनपुर और बेलगहन के लिए गर्व की बात है तथा क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत भी। ज्ञातव्य हो कि प्रोफेसर अनुपम सिंह दीवानी न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता एडवोकेट धनंजय सिंह के दामाद हैं।
