नालासोपारा में महाराष्ट्र-यूपी-बिहार की संस्कृति का अद्भुत संगम

एनबीडी नालासोपारा,

नालासोपारा पूर्व स्थित कैपिटल मॉल के सामने अभियान संस्था के संयुक्त तत्वावधान में दही हांडी उत्सव एवं कजरी महोत्सव का भव्य आयोजन हुआ। सामाजिक-सांस्कृतिक संस्था अभियान की स्थापना वरिष्ठ भाजपा नेता अमरजीत मिश्रा द्वारा की गई है। इस कार्यक्रम ने महाराष्ट्र और उत्तर भारत की भाषाई एवं सांस्कृतिक परंपराओं के अद्भुत मनोमिलन का जीवंत उदाहरण प्रस्तुत किया।

मंच पर एक ओर महाराष्ट्र की पारंपरिक भव्य दही हांडी की गूंज सुनाई दी, वहीं दूसरी ओर भोजपुरी और मराठी लोकगीतों तथा भावगीतों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। भारी बारिश के बीच गोविंदाओं की टोली ने हांडी फोड़कर उत्सव को चरम पर पहुंचाया।

कार्यक्रम में सांसद डॉ. हेमंत सावरा, विधायक राजन नाईक, विधायक स्नेहा दुबे पंडित, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रज्ञा पाटील, शिवसेना नेता नवीन दुबे, समाजसेवी आशिष मिश्रा, अरविंद सिंह, शशिकांत उपाध्याय सहित अनेक मान्यवर उपस्थित रहे और आयोजकों की सराहना की।

लोकगायिका संजोली पांडेय ने भोजपुरी के अश्लील गीतों का विरोध कर शुद्ध पारंपरिक गीतों का संकल्प दिलाया। उनकी प्रस्तुत कजरी और मराठी गीतों ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में भाजपा नेता अमित दुबे, अभय कक्कड़, शशिकांत दुबे, पवन सिंह, अरुण सिंह, अभिषेक सोनी और संस्कार शर्मा समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं का योगदान रहा।

मुंबई भाजपा उपाध्यक्ष अमरजीत मिश्रा ने इसे एक भारत, श्रेष्ठ भारत का अनूठा उदाहरण बताया। वहीं युवा नेता अमित दुबे ने कहा कि “नालासोपारा की धरती से बुराई पर अच्छाई की जीत का सिलसिला आगे बढ़ रहा है।”

कार्यक्रम का समापन रविवार, 17 अगस्त को बांद्रा पश्चिम के रंग शारदा हॉल में होगा, जिसमें संजोली पांडेय और ब्रह्मनंद पाटणकर लोकगीत प्रस्तुत करेंगे। साथ ही भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर विशेष नाटक भी मंचित किया जाएगा।

Share

Copyright ©2025 Navbharat Darpan .Designed By Mindcraft Infotech

navbharat darpan logo