डॉ. संदीप सिंह ने संतुलित जीवनशैली और सकारात्मक सोच पर दिया मार्गदर्शन
एनबीडी मुलुंड,
विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज़ केंद्र, मुलुंड, मुंबई में एक विशेष स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रसिद्ध स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. संदीप सिंह ने लोगों को सम्पूर्ण स्वास्थ्य, संतुलित आहार और सकारात्मक जीवनशैली के बारे में मार्गदर्शन दिया।
अपने संबोधन में डॉ. सिंह ने कहा कि स्वस्थ जीवन केवल शारीरिक नहीं, मानसिक और आत्मिक संतुलन से भी जुड़ा है। उन्होंने सजगता से भोजन करने, नियमित ध्यान, और प्राकृतिक जीवनशैली को रोगों से बचाव का प्रभावी उपाय बताया। उन्होंने उपस्थितजनों को दैनिक जीवन में छोटी-छोटी आदतों को सुधारने की सलाह दी जिससे दीर्घकालिक स्वास्थ्य सुनिश्चित किया जा सके।
कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारीज़ संस्था की वरिष्ठ बहन बी.के. गोदावरी दीदी और बी.के. वर्साबेन ने भी विचार साझा किए। उन्होंने स्वास्थ्य को आध्यात्मिक जिम्मेदारी बताते हुए आंतरिक शांति और संतुलन की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक ध्यान और स्वास्थ्य विषयक साहित्य के वितरण के साथ हुआ। प्रतिभागियों ने इस आयोजन को अत्यंत उपयोगी और प्रेरणादायक बताया तथा अपने जीवन में स्वास्थ्य और संतुलन को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया।