एनबीडी मुंबई,
मुंबई में रेलवे की जमीन पर लगे होर्डिंग्स को लेकर एक बड़ा खुलासा हुआ है। आरटीआई कार्यकर्ता अनिल गलगली द्वारा सूचना के अधिकार (RTI) के तहत प्राप्त जानकारी के अनुसार, मध्य और पश्चिम रेलवे की जमीनों पर कुल 306 होर्डिंग्स लगे हैं। इनमें से 103 होर्डिंग्स के बारे में कोई रिकॉर्ड नहीं है कि उन्हें किसने लगाया है।
मुख्य खुलासे:
मध्य रेलवे: 179 होर्डिंग्स में से 68 होर्डिंग्स का कोई मालिक नहीं। पश्चिम रेलवे: 127 में से 35 होर्डिंग्स की कोई जानकारी नहीं। घाटकोपर दुर्घटना के बाद रेलवे प्रशासन पर पारदर्शिता बनाए रखने का दबाव।
अनिल गलगली ने इस खुलासे के बाद कहा कि यदि ये होर्डिंग्स अवैध हैं, तो रेलवे प्रशासन को इन्हें तुरंत हटाना चाहिए और जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि मुंबई में होर्डिंग्स माफिया सक्रिय है और मुंबई महानगर पालिका की नई विज्ञापन नीति के बावजूद अनियमितताएं जारी हैं। अब देखना होगा कि बीएमसी और रेलवे प्रशासन इस पर क्या कदम उठाते हैं।