मुलुंड एम.टी. अस्पताल की खामियों को दूर करने व प्राइवेट संस्था को न देने की मांग

एनबीडी मुलुंड ,

मुलुंड (प.) स्थित मुंबई महानगरपालिका के एम.टी. अस्पताल का पुनर्विकास कार्य लगभग पूरा हो चुका है, लेकिन अब तक इसे पूरी तरह कार्यरत नहीं किया गया है। आवश्यक सुविधाओं की कमी के कारण नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाओं में असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। इसी को लेकर नगरसेवक प्रकाश गांगधारे ने मुंबई महानगरपालिका आयुक्त को पत्र लिखकर अस्पताल की सभी खामियों को जल्द दूर करने और इसे किसी निजी संस्था को न सौंपने की मांग की है।

नगरसेवक गांगधारे ने पत्र में उल्लेख किया कि मनपा द्वारा संचालित एम.टी. अस्पताल का पुनर्विकास कार्य पूरा होने के बावजूद यहां अभी भी महत्वपूर्ण चिकित्सा उपकरणों की कमी है। साथ ही, डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की अनुपलब्धता के कारण मरीजों को इलाज के लिए अन्य अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है।

उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले कई वर्षों से अस्पताल में डॉक्टरों की कमी बनी हुई है, जिससे गरीब और जरूरतमंद मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस अस्पताल को पूरी तरह कार्यरत किए बिना इसे किसी निजी संस्था को सौंपने का कोई औचित्य नहीं है, क्योंकि इससे स्थानीय नागरिकों पर आर्थिक बोझ बढ़ सकता है।

गांगधारे ने मनपा प्रशासन से मांग की कि

1. अस्पताल में सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं को तुरंत उपलब्ध कराया जाए।

2. डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की जल्द भर्ती की जाए।

3. अस्पताल को पूर्ण रूप से कार्यरत कर नागरिकों को निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।

4. इस अस्पताल का नियंत्रण किसी भी निजी संस्था को न सौंपा जाए, ताकि आम जनता को सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलता रहे।

उन्होंने मनपा प्रशासन से इस मुद्दे पर तत्काल निर्णय लेने की अपील की, ताकि मुलुंड और आसपास के नागरिकों को सुचारू स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें और यह अस्पताल पूर्ण रूप से जनता की सेवा में कार्यरत हो।

Share

Copyright ©2025 Navbharat Darpan .Designed By Mindcraft Infotech

navbharat darpan logo