श्री एल. आर. तिवारी डिग्री कॉलेज में क्षेत्रीय युवा महोत्सव का भव्य आयोजन

3000 से अधिक छात्रों ने दिखाया सांस्कृतिक कौशल

एनबीडी भायंदर,

मीरा रोड स्थित श्री एल. आर. तिवारी डिग्री महाविद्यालय (कला, वाणिज्य एवं विज्ञान संकाय) द्वारा मुंबई विश्वविद्यालय के विद्यार्थी विकास विभाग के सहयोग से 58वें अंतरमहाविद्यालय संस्थान/विभागीय युवा महोत्सव (क्षेत्र 5) का भव्य आयोजन किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और अतिथियों के स्वागत से हुआ, जिसने पूरे आयोजन को गरिमामय बना दिया।

इस दिनभर चलने वाले सांस्कृतिक पर्व में 35 से अधिक प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं, जिनमें लोकनृत्य, शास्त्रीय नृत्य, गायन, वादन, एकांकी, लघुनाटिका, चित्रकला, कविता पाठ जैसे विविध आयाम शामिल रहे।

मीरा रोड से दहानू तक फैले 30 से अधिक महाविद्यालयों से आए 3000 से अधिक विद्यार्थियों ने अत्यंत उत्साह और ऊर्जा के साथ सहभागिता की।

मुख्य अतिथियों में राहुल एजुकेशन समूह के चेयरमैन श्री लल्लन तिवारी, सचिव राहुल तिवारी, सहसचिव कृष्णा तिवारी, सीओओ उत्सव तिवारी, मुंबई विश्वविद्यालय विद्यार्थी विकास विभाग के प्रभारी निदेशक डॉ. सुनील पाटिल, सांस्कृतिक समन्वयक निलेश सावे, क्षेत्र 5 के सांस्कृतिक समन्वयक डॉ. महेश देशमुख, सीनेट सदस्य धनेश सावंत एवं सह-सांस्कृतिक समन्वयक डॉ. दीप्ति सादवेलकर प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजय मिश्रा ने आयोजन की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, सहभागी महाविद्यालयों, समन्वयकों व स्वयंसेवकों का आभार जताया।

अपने संबोधन में श्री लल्लन तिवारी ने कहा —

“यह महोत्सव केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवा शक्ति, रचनात्मकता और सांस्कृतिक चेतना का सशक्त मंच है। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियाँ परंपराओं, भावनाओं और विचारों की जीवंत अभिव्यक्ति हैं। ऐसी युवा ऊर्जा से ही हम समरस, सांस्कृतिक और आत्मनिर्भर भारत की नींव रख सकते हैं।”

उन्होंने आयोजन की सफलता हेतु मुंबई विश्वविद्यालय, आयोजन समिति, सहभागी संस्थानों, शिक्षकों और तकनीकी दल का विशेष आभार व्यक्त किया।

यह आयोजन क्षेत्र 5 के इतिहास में छात्र सहभागिता, सांस्कृतिक जागरूकता और रचनात्मकता का एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभरा। संपूर्ण कार्यक्रम अत्यंत संगठित, सुव्यवस्थित और ऊर्जावान रूप में संपन्न हुआ।

Share

Copyright ©2025 Navbharat Darpan .Designed By Mindcraft Infotech

navbharat darpan logo