– महाकुम्भ में पुण्य स्नान करने परिवार के साथ प्रयागराज पहुंचे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस
– संगम में डुबकी को बताया दिव्य अनुभव, कहा– हर सनातनी का सपना होता है महाकुम्भ में आना

– फडणवीस बोले, महाकुम्भ योगी सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धि, हैरान हैं लोग कि इतनी बड़ी व्यवस्था कैसे हो रही है
महाकुम्भ नगर, 14 फरवरी। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस शुक्रवार को अपने परिवार के साथ पवित्र तीर्थराज प्रयागराज पहुंचे, जहां उन्होंने त्रिवेणी संगम में पुण्य स्नान कर आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त किया। महाकुम्भ के दिव्य और भव्य आयोजन की सराहना करते हुए उन्होंने इसे उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। फडणवीस ने कहा कि इस महान आयोजन को दुनिया के इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने योगी सरकार को सफल व्यवस्थाओं के लिए बधाई दी और श्रद्धालुओं की सुख-सुविधाओं के लिए किए गए इंतजामों की प्रशंसा की।
मैं खुद को भाग्यशाली मानता हूँ…
देवेंद्र फडणवीस ने इस आध्यात्मिक यात्रा से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा की। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक अवसर पर अपने परिवार के साथ यहां आना उनका सौभाग्य है। 144 वर्षों बाद यह अवसर आया है और वह इसे भाग्यशाली मानते हैं कि वह इस पुण्य पर्व का हिस्सा बन पाए। जिस तरह से योगी सरकार ने इस महाआयोजन की व्यवस्थाएं की हैं, उसकी पूरी दुनिया में सराहना हो रही है।

यह आयोजन पूरी दुनिया में याद रहेगा
फडणवीस ने कहा कि श्रद्धालुओं ने जिस प्रकार यहां डुबकी लगाकर गंगा मइया की पूजा की है, उसे देखकर दुनिया चकित है कि इतनी बड़ी संख्या में लोग यहां कैसे पहुंचे और उनकी व्यवस्था कैसे संभाली गई। यही हमारी संस्कृति की महानता है कि लोग सहज रूप से इस आयोजन में भाग लेने आते हैं। उन्होंने कहा कि महाकुम्भ सिर्फ एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और आस्था का जीवंत प्रमाण है। हर सनातनी की यह इच्छा होती है कि वह गंगा दर्शन कर संगम में स्नान करे। मैं भी इसी भावना से यहां आया हूँ। इस आयोजन को पूरी दुनिया याद रखेगी। महाकुम्भ 2025 के इस ऐतिहासिक आयोजन को देखने और इसमें शामिल होने के लिए देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालु प्रयागराज पहुंच रहे हैं।