एनबीडी संवाददाता मुंबई,
मालाड पूर्व स्थित शारदा ज्ञानपीठ सभागृह में अवधी साहित्य के उभरते सितारों का भव्य समागम हुआ। वरिष्ठ कवि रामसिंह की पुस्तक ‘अवधी सुगंध’ का लोकार्पण हुआ, जिसे लेकर एक शानदार कवि सम्मेलन भी आयोजित किया गया। इस सम्मेलन का संचालन हास्य कवि सुरेश मिश्र ने किया।
कवि सम्मेलन में हास्य कवि महेश दूबे, निडर जौनपुरी, जवाहरलाल निर्झर, डॉ. रोशनी किरण, डॉ. कृपा शंकर मिश्र, पंडित राम व्यास उपाध्याय, अल्हड़ असरदार, शिव प्रकाश जौनपुरी सहित अनेक कवियों ने अपनी काव्य रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। सुरेश मिश्र की कविता ‘बेटी के नाम ख़त’ ने श्रोताओं की आंखों को नम कर दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता शारदा ज्ञानपीठ के प्रमुख डॉ. शारदा प्रसाद शर्मा ने की। वक्ताओं में भाजपा नेता अमरजीत मिश्र, महाराष्ट्र राज्य साहित्य अकादमी के कार्याध्यक्ष डॉ. शीतला प्रसाद दूबे, समरस फाउंडेशन के चेयरमैन डॉ. किशोर सिंह ने कवि राम सिंह के अवधी साहित्य के प्रति प्रेम और समर्पण की सराहना की।
इस अवसर पर आर.के.सर, प्राध्यापक जेपी सिंह, ललित पाल, शरद सिंह, राम कुमार पाल, हरिकृष्ण सिंह, ब्रह्मदेव मिश्र सहित अनेक साहित्यकार और शिक्षक उपस्थित थे। कार्यक्रम के समापन पर राम सिंह ने सभी आगंतुकों और मेहमानों के प्रति आभार व्यक्त किया।