एनबीडी मुलुंड,
मुलुंड की बहुमूल्य जमीन अदाणी समूह को सौंपे जाने के सरकार के फैसले के खिलाफ महाविकास आघाड़ी ने बड़ा आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है। कांग्रेस प्रवक्ता राकेश शंकर शेट्टी के नेतृत्व में 1 अगस्त 2025 को सुबह 9:00 बजे से केलकर कॉलेज, मुलुंड (पूर्व) के पास एक दिवसीय भूख हड़ताल आयोजित की जाएगी।
इस आंदोलन में शिवसेना (उद्धव बाला साहेब ठाकरे), राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार), समाजवादी पार्टी, मुलुंड दुकानदार संघ और स्थानीय नागरिक हिस्सा लेंगे। उनका आरोप है कि अदाणी समूह द्वारा धारावी के लगभग 3 लाख अपात्र निवासियों को मुलुंड में बसाने की योजना क्षेत्र के पर्यावरण, आधारभूत संरचना और सामाजिक संतुलन के लिए बेहद खतरनाक है।
प्रमुख मांगे हैं कि केलकर कॉलेज के पास बने 7,400 पीएपी फ्लैट्स सिर्फ मुलुंड के विस्थापितों को दिए जाएं, न कि किसी बाहरी को। साथ ही डम्पिंग ग्राउंड और चेक नाका की ज़मीन को नागरिकों के लिए खेल मैदान और उद्यान में बदला जाए तथा साल्ट पैन ज़मीन को पर्यावरण संतुलन हेतु सुरक्षित रखा जाए।
शेट्टी ने कहा कि यह आंदोलन राजनीति से ऊपर है – यह मुलुंड की रक्षा का प्रयास है। उन्होंने भाजपा सरकार पर वादा तोड़ने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता से झूठ बोलकर अब मुलुंड को “धारावी-2” बनाने की कोशिश की जा रही है, जिसे किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने सभी मुलुंडवासियों से इस संघर्ष में शामिल होने की अपील की है।
