फाग गीतों और फूलों की बारिश के बीच उत्तर भारतीय संघ में खेली गई होली

एनबीडी मुंबई,

होली के शुभ अवसर पर शुक्रवार शाम बांद्रा पूर्व स्थित उत्तर भारतीय संघ भवन में पारंपरिक फाग गीतों और फूलों की होली का भव्य आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उत्तर भारतीय समाज के लोग उपस्थित रहे। पूरा परिसर गुलाब और गेंदे के फूलों की खुशबू से महक उठा। उत्तर भारतीय संघ के अध्यक्ष संतोष आरएन सिंह की संकल्पना से शुरू हुआ यह आयोजन मुंबई में होली के सबसे बड़े आयोजनों में से एक बन गया है।

कार्यक्रम की शुरुआत उत्तर भारतीय संघ के संस्थापक स्वर्गीय बांकेलाल तिवारी और बाबू आरएन सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करने से हुई। आमंत्रित अतिथियों का स्वागत उत्तर प्रदेश के पारंपरिक गमछे और महाराष्ट्र की सफेद टोपी पहनाकर किया गया। लोक गायक सुरेश शुक्ला ने पारंपरिक होली गीतों की प्रस्तुति देकर माहौल को रंगीन बना दिया। इसके बाद संघ के अध्यक्ष संतोष आरएन सिंह ने सभी के साथ फूलों की होली खेली और उन्हें होली की शुभकामनाएँ दीं।

संघ अध्यक्ष संतोष आरएन सिंह ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य समाज में एकजुटता और भाईचारे का संदेश देना है। फूलों की होली से लोगों को अपने गांव की होली की याद ताजा हो जाती है। पिछले कुछ वर्षों से यह आयोजन एक नई परंपरा के रूप में स्थापित हो गया है।

पूर्व सांसद हरिवंश सिंह ने छेड़ी तान

इस मौके पर प्रतापगढ़ के पूर्व सांसद हरिवंश सिंह ने मंच पर पारंपरिक होली गीत गाकर माहौल को और रंगीन बना दिया। उन्होंने शेरो-शायरी भी पेश की। इस कार्यक्रम में नीदरलैंड से आए अप्रवासी भारतीय शिवचरण छेदी भी शामिल हुए, जिन्होंने फूलों की होली की संकल्पना को अद्भुत बताया। संगीतकार दिलीप सेन ने अपने लोकप्रिय गीत “ओले… ओले” की प्रस्तुति देकर समां बांध दिया।

इस भव्य आयोजन में पूर्व मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता कृपाशंकर सिंह, पूर्व मंत्री चंद्रकांत त्रिपाठी, पूर्व सांसद हरिवंश सिंह, मुंबई भाजपा उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह, सिद्धि विनायक मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष आचार्य पवन त्रिपाठी, उत्तर भारतीय संघ के उपाध्यक्ष संजय सिंह, आरटीआई एक्टिविस्ट अनिल गलगली, पत्रकार अविनाश पांडेय, उद्योगपति विजय सिंह, उत्तरभारतीय संघ के ईस्टन मंत्री अशोक दुबे,धारावाहिक “तेनालीरामा” में कथाचार्य का किरदार निभाने वाले अभिनेता पंकज बेरी, वरिष्ठ पत्रकार अनुराग त्रिपाठी, विमल मिश्र, आरके मिश्रा, ओम प्रकाश तिवारी, ब्रजमोहन पांडे, मुंबई हिंदी पत्रकार संघ के अध्यक्ष आदित्य दुबे और उत्तर भारतीय संघ की कार्यकारिणी के सभी सदस्य सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन संघ के महामंत्री देवेंद्र तिवारी ने किया। फूलों की होली का यह अनोखा आयोजन आपसी सौहार्द और भाईचारे का संदेश देकर हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।

Share

Copyright ©2025 Navbharat Darpan .Designed By Mindcraft Infotech

navbharat darpan logo