मुलुंड इंदिरा नगर में भव्य सरस्वती पूजन महोत्सव का आयोजन संपन्न

एनबीडी मुंबई ,

मुलुंड के इंदिरा नगर में माँ शारदे सेवा संघ के तत्वावधान में सरस्वती पूजन महोत्सव का भव्य आयोजन श्रद्धा एवं उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, श्रद्धालुओं एवं बच्चों ने सहभागिता की।

महोत्सव के दौरान विधिवत माँ सरस्वती की पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर बच्चों के लिए विशेष चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें नन्हे कलाकारों ने माँ वीणावादिनी की आकर्षक एवं मनोहारी कलाकृतियाँ प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। बच्चों की रचनात्मकता की उपस्थितजनों ने मुक्तकंठ से सराहना की।

कार्यक्रम में सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया, जिससे बच्चों में संस्कार, ज्ञान और सांस्कृतिक चेतना के विकास का संदेश दिया गया। आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर अनेक सामाजिक कार्यकर्ता, पत्रकार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का आयोजकों द्वारा सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। महोत्सव का समापन भक्तिमय वातावरण एवं सामूहिक प्रसाद वितरण के साथ हुआ।

Share

Copyright ©2025 Navbharat Darpan .Designed By Mindcraft Infotech

navbharat darpan logo