राष्ट्रकथा महोत्सव में पहुंचे ज्ञान प्रकाश सिंह का बृजभूषण शरण सिंह ने किया सम्मान

एनबीडी जौनपुर,

गोंडा जनपद के नवाबगंज स्थित नंदिनी निकेतन (नंदिनी नगर) में आयोजित संत रितेश्वर महाराज की राष्ट्रकथा महोत्सव में पहुंचे जौनपुर के प्रख्यात समाजसेवी तथा वरिष्ठ भाजपा नेता ज्ञान प्रकाश सिंह का महोत्सव के आयोजक तथा पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने माला पहनाकर उनका सम्मान किया। जौनपुर जनपद में अनगिनत प्रेरणादायक सामाजिक कार्यों द्वारा अपनी विशिष्ट पहचान बना चुके ज्ञान प्रकाश सिंह ने स्वास्थ्य, शिक्षा, तकनीकी और रोजगार की दिशा में काबिले तारीफ काम किया है। खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने की दिशा में उनके योगदान की सर्वत्र चर्चा होती है।

कोरोना संकट काल में उन्होंने जिस तरह से जनपद के लोगों की रक्षा के लिए दवाइयां और ऑक्सीजन का प्रबंध किया , उसे लोग आज भी याद करते हैं। वर्ष 2022 में उन्होंने जौनपुर के लीलावती अस्पताल का जीर्णोद्धार कराया, जिसे कालांतर में प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ। जौनपुर के ऐतिहासिक सीतापुर आंख अस्पताल में उन्होंने अत्याधुनिक मशीने डोनेट की, जिसके चलते अब मरीजों का निशुल्क इलाज हो रहा है। जौनपुर में भव्य राम कथाओं का आयोजन करके उन्होंने जनपद को सांस्कृतिक पहचान दी। राम मंदिर के निर्माण में सर्वाधिक व्यक्तिगत सहयोग (1 करोड़ 21 लाख रुपए) करने वाले ज्ञान प्रकाश सिंह ने राम मंदिर निर्माण के बाद गोमती नदी के किनारे एक लाख 21 हजार दीपक जलवाकर जश्न मनाया, जिसमें लाखों लोग शामिल हुए। अनेक मंदिरों का जीर्णोद्धार कराया। 1991 में भारतीय जनता पार्टी से जुड़े ज्ञान प्रकाश सिंह आज भी खुद को भाजपा का एक सिपाही मानते हैं। उनकी सामाजिक सेवाओं और जौनपुर के विकास में किए गए कार्यों को देखते हुए मुंबई की प्रतिष्ठित सामाजिक संस्था समरस फाउंडेशन द्वारा उन्हें जौनपुर गौरव सम्मान प्रदान करने की घोषणा की गई है। फरवरी महीने में उनके दिव्य और भव्य आवास कैलाशपति में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया जाएगा।

Share

Copyright ©2025 Navbharat Darpan .Designed By Mindcraft Infotech

navbharat darpan logo