श्री ब्रजमंडल संस्था मुंबई स्वर्ण जयंती पर श्रीमद् ब्रज भागवत कथा का आयोजन

एनबीडी मुंबई,

मुंबई की धार्मिक–सांस्कृतिक परंपरा में एक ऐतिहासिक अध्याय जुड़ने जा रहा है। श्री ब्रजमंडल संस्था, मुंबई अपने स्थापना के 50 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में स्वर्ण जयंती महोत्सव को भव्य स्वरूप देने जा रही है। इस पावन अवसर पर आजाद मैदान, मुंबई में 27 जनवरी 2026 से 02 फरवरी 2026 तक प्रतिदिन सायं 4:00 बजे से 7:00 बजे तक वृंदावन के सुप्रसिद्ध कथावाचक पुंडरीक गोस्वामी के श्रीमुख से श्रीमद् ब्रज भागवत कथा का दिव्य आयोजन किया जाएगा। इसका शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ होगा, जिसे बागेश्वर सरकार धीरेंद्र शास्त्री संपन्न करेंगे। साथ ही देशभर से अनेक प्रतिष्ठित साधु-संत एवं महात्माओं की उपस्थिति सुनिश्चित की गई है।

वर्ष 1976 में स्थापित श्री ब्रजमंडल संस्था की नींव पूज्यनीय आधार स्तम्भ शिवचरण लाल, सुरेशचंद जी (अध्यक्ष), रमेशचंद, श्यामलाल एवं टालीवाल के अथक प्रयासों से रखी गई थी। बीते पाँच दशकों में संस्था ने मुंबई में निवासरत ब्रजवासियों को एक सूत्र में बांधते हुए इसे एक सशक्त सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परिवार का स्वरूप दिया है।

ब्रज संस्कृति को जीवंत बनाए रखने की दिशा में संस्था द्वारा गिरगांव चौपाटी प्रांगण में वर्षों से लगातार आयोजित की जा रही दस दिवसीय श्रीकृष्ण रासलीला और कवि सम्मेलन आज एक विशिष्ट पहचान बन चुकी है। संस्था के अध्यक्ष सुरेशचंद अग्रवाल इस कथा के मुख्य यजमान हैं। उनके साथ रमनलाल चौधरी, अनिल आर. अग्रवाल, राजेश एम. अग्रवाल, अनिल पी. अग्रवाल, भुवनेश अग्रवाल, प्रदीप लाड़ीवाल, विवेक अग्रवाल, कानबिहारी अग्रवाल, सुनील एस. अग्रवाल, संदीप अग्रवाल, उमेश मित्तल, धर्मेश गर्ग, राजीव अग्रवाल, पवन अग्रवाल, राकेश अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य सदस्य आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

श्री ब्रजमंडल संस्था ने मुंबई के समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों से इस भव्य और दुर्लभ आध्यात्मिक अवसर का लाभ उठाने, परिवार सहित कथा श्रवण करने और ब्रज भक्ति की पावन रसधारा में सहभागी बनने की भावपूर्ण अपील की है। यह जानकारी अनिल अग्रवाल एवं कमेटी के सदस्यों ने गिरगांव चौपाटी स्थिति ब्रज मंडल सभागृह में एक प्रेस कांफ्रेंस में दी।

Share

Copyright ©2025 Navbharat Darpan .Designed By Mindcraft Infotech

navbharat darpan logo