एनबीडी मुंबई,
बकरी ईद 2025 के मद्देनज़र बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने धार्मिक पशुवध की अनुमति के लिए इस वर्ष MyBMC मोबाइल ऐप और वेबसाइट https://www.mcgm.gov.in पर ऑनलाइन सुविधा शुरू की है। नागरिक ऐप के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं, जिसमें ‘ना हरकत प्रमाणपत्र’ और पहचानपत्र अपलोड करना आवश्यक रहेगा।
अतिरिक्त आयुक्त डॉ. (श्रीमती) अश्विनी जोशी की अध्यक्षता में आयोजित समन्वय बैठक में सभी संबंधित यंत्रणाओं को समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए। देवनार पशुवधगृह में लगभग 77,850 वर्गमीटर क्षेत्र में पशुओं के लिए आश्रय निर्माण कार्य जारी है। बिजली आपूर्ति के लिए 250 KVA के 8 और 125 KVA के 19 जनरेटर लगाए गए हैं।
साफ-सफाई के लिए तीन पालियों में 300 कर्मचारी, 100 मोबाइल शौचालय, डंपर, जेसीबी और मृत पशु ले जाने के लिए वाहन उपलब्ध रहेंगे। सुरक्षा के लिहाज़ से CCTV कैमरे, डोर व हँड मेटल डिटेक्टर, 200 सुरक्षा गार्ड, 24×7 कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन (9930501293) चालू रहेगी।
पशुओं और नागरिकों के लिए 2 स्वास्थ्य केंद्र, 3 एंबुलेंस और पशुओं के लिए 2 प्राथमिक उपचार केंद्रों की व्यवस्था की गई है। वाहनों के लिए पार्किंग और बारिश से निपटने हेतु जलनिकासी पंप भी लगाए गए हैं।
बकरी ईद का त्योहार 7 से 9 जून के बीच मनाया जाएगा। BMC ने मुंबई में कुल 109 स्थानों पर धार्मिक पशुवध की अनुमति दी है। भैंस जैसे पशुओं के वध की अनुमति केवल देवनार में दी जाएगी। अन्यत्र वध होने पर कार्रवाई की जाएगी। इस हेतु तीन विशेष उड़न दस्ते तैनात किए जाएंगे।
