एनबीडी मुलुंड,
मुंबई में बढ़ती गर्मी और तेज धूप से इंसानों के साथ-साथ पशु-पक्षी भी प्रभावित हो रहे हैं। इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए मुलुंड के समाजसेवी शुलभ जैन ने पक्षियों की प्यास बुझाने के लिए “पक्षी आहार” अभियान शुरू किया है।
शुलभ जैन ने बताया कि मुलुंड में गर्मी का प्रकोप बढ़ने लगा है और पानी की कमी के कारण पक्षी व जानवर तड़प रहे हैं। इन्हें गर्मी के प्रहार से बचाने के उद्देश्य से उन्होंने अपने सहयोगी नलिन शाह के साथ मिलकर “सोच बदलो, मुलुंड बदलेगा” अभियान की शुरुआत की है। उनका लक्ष्य है कि पानी के अभाव में कोई भी पक्षी या जानवर न मरे।
नलिन शाह के मार्गदर्शन में मुलुंड के उद्यानों, मैदानों तथा विभिन्न क्षेत्रों के पेड़-पौधों के पास पक्षियों के लिए पानी से भरे बर्तन रखे जा रहे हैं। साथ ही स्थानीय नागरिकों को नि:शुल्क पानी के पात्र वितरित किए जा रहे हैं, ताकि वे अपने घरों और आसपास पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था कर सकें।
मुलुंड क्षेत्र के विभिन्न उद्यानों में पानी से भरे बर्तन स्थापित किए जा रहे हैं। अभियान से जुड़ने या पात्र प्राप्त करने के लिए नागरिक 8879393678 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।
