‘भोले की भक्ति’ भजन संध्या: शिव आराधना में लीन होगी मुलुंड नगरी, 6 अगस्त को कालीदास में होगा भव्य आयोजन

एनबीडी मुलुंड,

मुलुंड नगरी एक बार फिर शिवमय होने जा रही है। देवों के देव महादेव की स्तुति में सजी ‘भोले की भक्ति’ नामक भव्य भजन संध्या का आयोजन आगामी 6 अगस्त 2025 (बुधवार) को महाकवि कालिदास ऑडिटोरियम, पी. के. रोड, मुलुंड (पश्चिम) में सायं 6:30 बजे से किया जाएगा।

यह आयोजन श्री बालराजेश्वर महादेव प्रसंग के अंतर्गत हर वर्ष की भाँति इस वर्ष भी अत्यंत श्रद्धा, उत्साह और भक्ति भाव से सम्पन्न हो रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य शिवभक्तों को आध्यात्मिक शांति एवं भक्ति रस से जोड़ना है, जिससे जनमानस में शिव के प्रति समर्पण भाव और भी दृढ़ हो सके।

कार्यक्रम में भारत के विविध भागों से पधारे प्रसिद्ध भजन गायक, गीतकार एवं संगीतज्ञ भाग लेंगे, जो अपने सुमधुर गायन के माध्यम से भगवान शिव की अनंत महिमा का गुणगान करेंगे। संध्या का प्रत्येक क्षण दर्शकों को दिव्यता, संगीत और भक्ति के अद्भुत संगम का अनुभव कराएगा।

इस पावन संध्या में सजीव भजनों के माध्यम से शिव महिमा की अमृतवर्षा होगी, जो उपस्थित श्रद्धालुओं को शिवमय भावों से सराबोर कर देगी। यह कार्यक्रम केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आत्मा को छू लेने वाला भक्ति पर्व होगा।

कार्यक्रम की संकल्पना एवं आयोजन की कमान संभाली है प्रेरणा इवेंट्स, AUM रियल्टी और गजानंद साउंड एंड लाइट्स ने। इस पूरे भक्ति आयोजन का समन्वयन आनंद मोर्या द्वारा किया जा रहा है, जिनका उद्देश्य है कि अधिक से अधिक श्रद्धालु इस आध्यात्मिक माहौल का लाभ ले सकें।

भक्तों के लिए विशेष जानकारी यह है कि यह कार्यक्रम हथवे चैनल नं. 114 तथा जिना चैनल नं. 871 पर भी प्रसारित किया जाएगा, जिससे दूरदराज़ बैठे श्रद्धालु भी इसमें भागीदारी कर सकें। सभी शिवभक्तों से आग्रह है कि वे इस दिव्य संध्या में सपरिवार पधारें और शिवभक्ति की इस अनुपम अनुभूति का हिस्सा बनें।

Share

Copyright ©2025 Navbharat Darpan .Designed By Mindcraft Infotech

navbharat darpan logo