JIWO बाजार का भव्य आयोजन संपन्न, डॉ मंजू लोढ़ा और ईशा देओल ने किया उद्घाटन

मुंबई। दक्षिण मुंबई के नाना चौक स्थित शारदा स्कूल में जैन इंटरनेशनल वुमेन ऑर्गनाइजेशन (JIWO) के साउथ मुंबई चैप्टर की ओर से आयोजित ‘JIWO बाजार’ का भव्य आयोजन शनिवार, 17 अक्टूबर को दक्षिण मुंबई में संपन्न हुआ। महिलाओं को अपने हुनर, उत्पादों और व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित इस एग्जिबिशन में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम का उद्घाटन JIWO की अध्यक्ष श्रीमती मंजूबेन लोढ़ा एवं बॉलीवुड अभिनेत्री ईशा देओल के हाथों किया गया। इस अवसर पर महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री मंगल प्रभात लोढा़ ,बॉलीवुड अभिनेत्री स्मिता जयकर और अपूर्वा मित्तल भी उपस्थित रहीं। सभी अतिथियों ने महिला उद्यमियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। उद्घाटन के पश्चात मंजूबेन लोढ़ा और ईशा देओल ने एग्जिबिशन में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों एवं काउंटरों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने महिला उद्यमियों से बातचीत कर उनके उत्पादों, व्यवसाय और कार्यों के बारे में जानकारी ली। स्मिता जयकर और अपूर्व मित्तल भी उनके साथ मौजूद रहीं और उन्होंने महिलाओं का हौसला बढ़ाया।
‘शॉप, सपोर्ट और एम्पावर’ की भावना के साथ आयोजित इस बाजार का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को व्यापार के क्षेत्र में प्रोत्साहित करना, उनके उत्पादों को पहचान दिलाना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना रहा। ऐसे आयोजन महिलाओं की प्रतिभा को मंच देने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास को मजबूत करने और नए व्यावसायिक अवसरों के द्वार खोलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
JIWO बाजार में महिला उद्यमियों ने अपने विभिन्न उत्पादों और रचनात्मक कार्यों को प्रदर्शित किया। अतिथियों की उपस्थिति और उनके प्रोत्साहन से स्टॉल संचालित करने वाली महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। आयोजन के को-स्पॉन्सर वरुण हसमुखजी बाफना एवं परिवार (अमारी कैपिटल और श्री बाफना गोल्ड) के साथ श्रीमती मीना हसमुख बाफना के प्रति उनके महत्वपूर्ण सहयोग और प्रायोजन के लिए आयोजकों ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि जब महिलाओं को सही मंच, प्रोत्साहन और सहयोग मिलता है, तो वे अपनी प्रतिभा के दम पर आर्थिक रूप से सशक्त बन सकती हैं और समाज की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने में सचिव श्रीमती इंदिरा खिंवसरा एवं कोषाध्यक्ष श्रीमती उषा मुणोत का विशेष योगदान रहा। इसके अलावा, समस्त कार्यकारिणी समिति का भी अपूर्व योगदान रहा। संपूर्ण कार्यक्रम आचार्य भगवान श्री नयपद्मासागर जी महाराज साहेब एवं गुरुवया मयणा श्रीजी के आशीर्वाद से शुरू हुआ। महिला सशक्तिकरण, उद्यमिता और आत्मनिर्भरता को समर्पित JIWO बाजार का आयोजन इसी सकारात्मक सोच के साथ यादगार रहा। कार्यक्रम में सैकड़ो महिलाओ का समावेश रहा।

Share

Copyright ©2025 Navbharat Darpan .Designed By Mindcraft Infotech

navbharat darpan logo