पालघर में बनेगा उत्तर भारतीय संघ भवन : संतोष आरएन सिंह

50 छात्रों का निशुल्क प्रवेश और 10 जरूरतमंद परिवारों के बच्चों की शादियों में आर्थिक मदद

मुंबई। उत्तर भारतीय संघ, मुंबई की 76वीं वार्षिक साधारण सभा में अध्यक्ष संतोष आरएन सिंह ने सामाजिक सरोकारों से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसलों की घोषणा की। उन्होंने बताया कि पालघर जिले में उत्तर भारतीय संघ भवन का निर्माण कराया जाएगा। संघ द्वारा संचालित शिक्षण संस्थानों में सभी जाति-वर्गों के 50 छात्रों को नि:शुल्क प्रवेश दिया जाएगा। इसके अलावा, हर वर्ष आर्थिक रूप से कमजोर 10 परिवारों के बेटे-बेटियों के विवाह में आर्थिक सहायता की जाएगी। सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली तीन हस्तियों को भी प्रतिवर्ष सम्मानित किया जाएगा।
रविवार को बांद्रा पूर्व स्थित उत्तर भारतीय संघ भवन के बाबू सत्यनारायण सिंह सभागार में आयोजित सभा की अध्यक्षता करते हुए संतोष आरएन सिंह ने कहा कि किसी भी सामाजिक संस्था के लिए वार्षिक साधारण सभा सबसे महत्वपूर्ण अवसर होती है। इस दौरान संस्था के पूरे वर्ष के कामकाज और आय-व्यय का लेखा-जोखा सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत किया जाता है। उन्होंने कहा कि संघ के अध्यक्ष के रूप में उन्हें तीन वर्ष पूरे हो चुके हैं और इस दौरान संस्था के कामकाज को लेकर कोई सवाल नहीं उठा। अपने पिता और संघ के पूर्व अध्यक्ष बाबू आरएन सिंह को याद करते हुए उन्होंने कहा कि वे हमेशा सच बोलने और काम को प्राथमिकता देने की सीख देते थे। संतोष आरएन सिंह ने बताया कि पालघर में संघ भवन के निर्माण के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की जाएगी। उन्होंने सभा में बांद्रा स्थित संघ भवन के सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। संघ की आर्थिक स्थिति पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि संस्था के पास धन की कमी नहीं है। जरूरत केवल योजनाओं को निरंतर आगे बढ़ाने की है।
संतोष आरएन सिंह ने संघ के सदस्यों से मराठी भाषा सीखने की अपील की। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में रहने वाले सभी लोगों को स्थानीय भाषा सीखने का प्रयास करना चाहिए। वह स्वयं भी अपने भाषणों में अक्सर मराठी शब्दों का इस्तेमाल करते हैं।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष और भाजपा नेता अमरजीत सिंह ने कहा कि संघ की ओर से समाजसेवा के कई उपक्रम चलाए जा रहे हैं। उन्होंने रेलवे से जुड़ी समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज के लोगों को ट्रेन टिकट मिलने में कई बार दिक्कत होती है। ऐसे में रेलवे कमेटी में समाज के प्रतिनिधियों के नाम भेजे जाने चाहिए, ताकि लोगों को सुविधा मिल सके। उन्होंने मेधावी छात्रों की उच्च शिक्षा के लिए अलग कोष बनाने का सुझाव भी दिया। उपाध्यक्ष रमेश बहादुर सिंह ने कहा कि संतोष आरएन सिंह के नेतृत्व में संघ बेहतर काम कर रहा है। पूर्व महामंत्री नंदलाल उपाध्याय ने संघ की ओर से किए जा रहे रचनात्मक कार्यों की सराहना की। कार्यकारिणी सदस्य और पत्रकार राजकुमार सिंह ने कहा कि बाबू आरएन सिंह के कार्यों और विचारों को आगे बढ़ाना सभी की जिम्मेदारी है। सभा की शुरुआत संघ के संस्थापक बांकेराम तिवारी और बाबू आरएन सिंह की तस्वीरों पर पुष्पांजलि अर्पित कर हुई। महामंत्री देवेंद्र तिवारी ने संघ का वार्षिक वृत्तांत प्रस्तुत किया, जबकि कोषाध्यक्ष अजय कुमार सिंह ने आय-व्यय का ब्यौरा रखा। अंत में देवेंद्र तिवारी ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में डॉ. किशोर सिंह, बीड़ी सिंह, गीता संजय सिंह, सुरेंद्र गिरी, अंतेश सिंह, रेणु मल्लाह, विजय सिंह, आदित्य सिंह, शिवश्याम तिवारी, विशाल सिंह, ओमप्रकाश सिंह, चंद्रभान सिंह सहित बड़ी संख्या में सदस्यगण और समाज के लोग उपस्थित थे।

Share

Copyright ©2025 Navbharat Darpan .Designed By Mindcraft Infotech

navbharat darpan logo