जौनपुर। एकात्म मानववाद और ‘अंत्योदय’ के प्रणेता पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती की पूर्व संध्या पर तेजी बाजार स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में परिश्रम संस्था के सहयोग से विशाल निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मल्हनी विधानसभा क्षेत्र और आसपास के ग्रामीण अंचलों से पहुंचे करीब 500 जरूरतमंद मरीजों की आंखों की जांच की गई। परीक्षण के उपरांत डॉक्टरों की सलाह पर मरीजों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए, जबकि मोतियाबिंद या गंभीर समस्या से ग्रस्त मरीजों के निःशुल्क ऑपरेशन के लिए नोट किया गया। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह ने पं. दीनदयाल उपाध्याय के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए उनके ‘अंत्योदय’ के सिद्धांत पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “समाज के अंतिम पायदान पर खड़े गरीब, शोषित और वंचित व्यक्ति तक विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही पंडित जी को सच्ची श्रद्धांजलि है।” उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार की स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के शिविर उन आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए वरदान साबित होते हैं जो महंगे इलाज के कारण आंखों की जांच नहीं करा पाते। कार्यक्रम के दौरान तेजी बाजार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सुविधाओं व विद्युत व्यवस्था का मुद्दा सामने आया। इस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह ने मौके से ही जिलाधिकारी (DM) से फोन पर वार्ता की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति बेहद जरूरी है ताकि मरीजों को किसी तरह की असुविधा न हो।
इसके साथ ही उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) गंगाराम से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए शीघ्र जनरेटर सेट उपलब्ध कराने की मांग की, ताकि बिजली कटने की स्थिति में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों। वाराणसी के प्रसिद्ध शंकर अस्पताल में होंगे निःशुल्क ऑपरेशन: अजीत प्रजापति
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि इतने बड़े पैमाने पर ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवा पहुंचाना अत्यंत पुण्य का कार्य है। उन्होंने घोषणा की कि शिविर में जिन भी मरीजों को ऑपरेशन की आवश्यकता पाई जाएगी, उनका ऑपरेशन वाराणसी के प्रतिष्ठित शंकर नेत्र चिकित्सालय में पूरी तरह निःशुल्क कराया जाएगा। इस अवसर पर पूर्व पुलिस अधीक्षक राममोहन सिंह, श्यामराज सिंह, डॉ. विकास सिंह, मुकेश सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) गंगाराम, राज्य महिला आयोग की सदस्य गीता बिंद, रानी उपाध्याय, राजेश सिंह, पीयूष गुप्ता सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
परिश्रम द्वारा आयोजित नेत्र चिकित्सा शिविर का 500 जरूरतमंद लोगों ने उठाया लाभ
