भायंदर। मीरा भायंदर महानगरपालिका चुनाव में आमदार नरेंद्र मेहता के नेतृत्व में ऐतिहासिक विजय प्राप्त करने वाली भारतीय जनता पार्टी जहां एक तरफ लगातार अपने खेमे को मजबूत करने में जुटी है, वहीं करारी हार के बाद शिवसेना जनता के बीच वापसी नहीं कर पा रही है। उसकी पार्टी के बड़े चेहरे पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हो रहे हैं। शिवसेना उत्तर भारतीय प्रकोष्ठ की तेज तर्रार जिलाध्यक्ष एडवोकेट अरुणा पांडे ने पार्टी की कार्यशैली से नाराज होकर इस्तीफा दे दिया। इस्तीफा देने के 2 घंटे के भीतर ही आमदार नरेंद्र मेहता ने उन्हें भाजपा कार्यालय में बुलाकर पूरे सम्मान के साथ पार्टी में शामिल कर लिया। एडवोकेट अरुणा पांडे के साथ उनके पति सत्यप्रकाश पांडे तथा पुत्र सत्यम पांडे को भी ससम्मान पार्टी में शामिल किया गया। आमदार नरेंद्र मेहता के पुत्र युवा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष तक्षील मेहता ने सत्यम का स्वागत करते हुए उन्हें अपने प्रकोष्ठ में शामिल किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों में जिला महामंत्री बृजेश तिवारी, राज बहादुर सिंह समेत अनेक लोग उपस्थित रहे। एडवोकेट अरुणा पांडे राजनीति के साथ-साथ समाज सेवा के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं। राष्ट्रीय महिला हिंदू संरक्षण फाउंडेशन की संस्थापक अध्यक्ष हैं। विशेष कर महिलाओं की आत्मनिर्भरता और आत्मसम्मान की दिशा में उन्होंने हमेशा सक्रिय भूमिका अदा की है। जरूरतमंद और गरीब लोगों की आर्थिक मदद से लेकर मुफ्त कानूनी मदद देनेवाली एड. अरुणा पांडे के भाजपा में शामिल होने से शिवसेना को बड़ा झटका लगना तय माना जा रहा है।
शिवसेना को बड़ा झटका, पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुई एड. अरुणा पांडे
