मुंबई। योग न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है,बल्कि यह भावनाओं को संतुलित करके लोगों के बीच आपसी प्रेम और भाईचारे को बढ़ाता है। योग अभ्यास से तनाव दूर होता है,सहानुभूति जागृत होती है और एक-दूसरे के साथ जुड़ाव की भावना मजबूत होती है। बांद्रा के ताजलैंड सन होटल में मुंबई की प्रतिष्ठित सामाजिक संस्था मेघाश्रेय द्वारा आयोजित योग दिवस पर बोलते हुए संस्था की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती सीमा सिंह ने उपरोक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि विकसित भारत और भारत को विश्व गुरु बनाने की दिशा में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है।

इस अवसर पर अनेक जानी मानी हस्तियां और फिल्म स्टार उपस्थित रहे। श्रीमती सीमा सिंह के सुपुत्र श्रेय सिंह और सुपुत्री डॉ मेघना सिंह ने भी उपस्थित लोगों के साथ विभिन्न मुद्राओं में योग किया। भारी संख्या में बुजुर्ग युवा और बच्चे योग दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख लोगों में बॉलीवुड फिल्म अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी, फिल्म अभिनेता अर्जुन कपूर, नूपुर सनोन, मिकी मेहता, स्टेनबिन बेन, वीर पढ़ाडिया आदि का समावेश रहा। कुल मिलाकर मेघाश्रेय संस्था द्वारा आयोजित यह एक अत्यंत प्रेरणादायक कार्यक्रम रहा।
