कोली समुदाय के मुद्दों का समाधान निकालने के लिए मंगल प्रभात लोढ़ा ने दिया निर्देश

एनबीडी मुंबई ,

गिरगांव चौपाटी से कोली समुदाय की नौकाएं हटाने के कारण उत्पन्न स्थिति का राज्य के मंत्री और स्थानीय विधायक मंगल प्रभात लोढ़ा ने तत्काल संज्ञान लिया है और संबंधित तंत्र को आवश्यक निर्देश दिए हैं। इस संदर्भ में, कोली समाज के प्रतिनिधियों ने मंगल प्रभात लोढ़ा से मुलाकात की और अपना पक्ष रखा। उनके द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए, मंगल प्रभात लोढ़ा ने तत्काल बृहन्मुंबई महानगरपालिका के सह-आयुक्त और मत्स्य पालन विभाग के आयुक्त से टेलीफोन पर संपर्क किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को कोली समुदाय के साथ समन्वय बनाकर सहयोग करने और कोई भी कार्रवाई करते समय उनकी आजीविका व पारंपरिक अधिकारों का व्यापक विचार करने के स्पष्ट निर्देश दिए। गिरगांव चौपाटी परिसर मुंबई की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, और यहाँ लंबे समय से कोली समाज पारंपरिक तरीके से अपनी आजीविका चला रहा है। इस पृष्ठभूमि में, विकास कार्यों और स्थानीय लोगों के अधिकारों के बीच संतुलन बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है, इस बात पर उन्होंने जोर दिया। इस संदर्भ में मंगल प्रभात लोढ़ा ने कहा कि गिरगांव चौपाटी पर कोली समुदाय का मुद्दा अत्यंत संवेदनशील है। प्रशासन और स्थानीय समुदाय के बीच उचित समन्वय बनाकर ही इस समस्या का हल निकाला जाना चाहिए। जब तक कोली समुदाय के लिए गिरगांव चौपाटी पर उचित स्थान या वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध नहीं हो जाती, तब तक हम उनके साथ मजबूती से खड़े हैं। मुंबई सबसे पहले कोली समुदाय की है। कोली समुदाय की आजीविका और उनके पारंपरिक अधिकारों का सम्मान करते हुए सकारात्मक समाधान निकले, इसके लिए सभी आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।”
इस मामले में सभी संबंधित घटकों के बीच संवाद के माध्यम से मार्ग निकालने को प्राथमिकता दी जाएगी और जल्द ही इस पर सकारात्मक समाधान निकलेगा, ऐसा विश्वास उन्होंने व्यक्त किया है।

Share

Copyright ©2025 Navbharat Darpan .Designed By Mindcraft Infotech

navbharat darpan logo