नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर तीसरी रनवे की तैयारी शुरू

एनबीडी नवीमुंबई,

नवीमुंबई महानगर क्षेत्र में तेजी से बढ़ रही हवाई यात्रियों की संख्या को देखते हुए सिडको ने बड़ा कदम उठाया है। नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर तीसरी रनवे के विकास के लिए तकनीकी और व्यावसायिक व्यवहार्यता अध्ययन शुरू किया गया है। इसके लिए राइट्स लिमिटेड और क्रिएटिव ग्रुप एलएलपी (Joint Venture) को सलाहकार नियुक्त किया गया है। यह अध्ययन 6 महीनों में पूरा होने की संभावना है।

15 अप्रैल 2026 को सिडको के उपाध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक विजय सिंघल की अध्यक्षता में एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें इस प्रोजेक्ट के तकनीकी और आर्थिक पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

विजय सिंघल ने कहा कि नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट को भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विश्वस्तरीय एविएशन हब के रूप में विकसित किया जा रहा है। आने वाले समय में हवाई यातायात में भारी वृद्धि की संभावना है, ऐसे में तीसरी रनवे का निर्माण एयरपोर्ट की क्षमता और कार्यक्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट देश के सबसे बड़े ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट्स में से एक है, जिसकी पूरी क्षमता पर हर साल लगभग 90 मिलियन यात्रियों को संभालने की योजना है, साथ ही 3.2 मिलियन टन कार्गो हैंडलिंग की क्षमता भी विकसित की जा रही है। यह एयरपोर्ट करीब 1,160 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला हुआ है, जिसमें दो समानांतर रनवे और भविष्य में चार टर्मिनल बनाने की योजना है।

मुंबई क्षेत्र में 2040 तक हवाई यात्रियों की संख्या 150 MPPA तक पहुंचने का अनुमान है, जो आगे 2047–2050 तक 240 MPPA तक जा सकती है। ऐसे में छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट और नवी मुंबई एयरपोर्ट की संयुक्त क्षमता भी कम पड़ सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए सिडको अब तीसरी रनवे जैसे विस्तार विकल्पों पर गंभीरता से काम कर रहा है।

नवी मुंबई एयरपोर्ट पर तीसरी रनवे का प्रस्ताव मुंबई को एक ग्लोबल एविएशन हब बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

Share

Copyright ©2025 Navbharat Darpan .Designed By Mindcraft Infotech

navbharat darpan logo